रांची जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सितंबर माह की राशि 3,93,994 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में भेज दी गई है। प्रत्येक लाभुक को 2,500 रुपये का भुगतान किया गया। जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस मद में कुल 98 करोड़ 49 लाख 85 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।
राशि का भुगतान आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी के माध्यम से किया गया है। इससे लाभुकों को भुगतान लेने के लिए किसी कार्यालय में जाने की जरूरत नहीं होगी। दुर्गा पूजा से पहले हुई इस प्रक्रिया से महिलाओं को घरेलू जरूरतों और त्योहार से जुड़े खर्चों में आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।
जिले में सबसे अधिक 31,483 लाभुक कांके प्रखंड में हैं। इसके बाद टाउन अर्बन क्षेत्र की 25,893, मांडर की 22,936, सिल्ली की 21,269, बेड़ो की 20,555 और रातू की 20,329 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है।
चान्हो में 19,336, तमाड़ में 18,744, नगड़ी में 18,281, नामकुम में 17,942 और ओरमांझी में 17,847 लाभुकों को भुगतान मिला है। बुढ़मू की 17,760, अनगड़ा की 16,681 और हेहल शहरी क्षेत्र की 16,285 महिलाओं को भी सितंबर की किस्त दी गई है।
इसके अलावा अरगोड़ा शहरी क्षेत्र में 13,347, सोनाहातू में 13,084, लापुंग में 11,819 और इटकी में 10,136 लाभुकों के खाते में राशि पहुंची है। बड़गाईं शहरी क्षेत्र की 10,042, खलारी की 9,590, राहे की 9,527 और नामकुम शहरी क्षेत्र की 9,493 महिलाओं को भी भुगतान किया गया है।
नगड़ी शहरी क्षेत्र में 8,210 और बुंडू में 8,566 लाभुकों को योजना की राशि मिली। बुंडू नगर पंचायत की 3,558 तथा कांके शहरी क्षेत्र की 1,281 महिलाओं के खातों में भी किस्त भेजी गई है। जिला प्रशासन ने भुगतान को पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ सीधे पहुंचाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल बताया है।