रांची विश्वविद्यालय में पीएचडी की 331 सीटों के लिए आवेदन शुरू, 10 सितंबर अंतिम तिथि

रांची विश्वविद्यालय ने पीएचडी की 331 सीटों के लिए आवेदन मांगे हैं। आवेदन निःशुल्क होगा और चयन में प्रवेश परीक्षा के बजाय साक्षात्कार की भूमिका रहेगी।

2 मिनट पढ़ें 2 बार पढ़ी गई
रांची विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित परिसर का दृश्य

रांची विश्वविद्यालय ने विभिन्न विषयों में पीएचडी की 331 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया यूजीसी रेगुलेशन 2022 के आधार पर तैयार विश्वविद्यालय के पीएचडी रेगुलेशन 2026 के तहत संचालित होगी। आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और इस बार प्रवेश परीक्षा भी आयोजित नहीं की जाएगी।

कुल सीटों में सामान्य वर्ग के लिए 153, अनुसूचित जनजाति के लिए 85 और अनुसूचित जाति के लिए 34 सीटें निर्धारित हैं। बीसी-वन श्रेणी को 30, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को 16 तथा बीसी-टू को 13 सीटें मिली हैं। विषयवार सबसे अधिक 30 सीटें जंतुविज्ञान में हैं। बॉटनी में 28, मनोविज्ञान में 26, अंग्रेजी में 25 और दर्शनशास्त्र में 24 सीटें उपलब्ध हैं। मुंडारी में केवल एक सीट है, जबकि बांग्ला में कोई रिक्ति नहीं है।

स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में कम से कम 55 प्रतिशत अंक पाने वाले विद्यार्थी आवेदन के पात्र होंगे। एससी, एसटी और ओबीसी अभ्यर्थियों को अंकों में पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी। पहली बार चार वर्षीय या आठ सेमेस्टर वाले ऑनर्स विद रिसर्च स्नातक भी निर्धारित शर्तों के साथ आवेदन कर सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक की शर्त रखी गई है।

यूजीसी नेट, सीएसआईआर नेट या गेट उत्तीर्ण उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी। प्रत्येक सीट के लिए तीन अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में बुलाने की व्यवस्था है। प्रवेश परीक्षा से छूट प्राप्त उम्मीदवारों की मेरिट सूची साक्षात्कार में मिले प्रतिशत स्कोर के आधार पर बनेगी। मान्यता प्राप्त विदेशी संस्थान से स्नातकोत्तर करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों को जरूरी दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी हार्ड कॉपी संबंधित विभाग में जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय मुख्यालय में आवेदन की प्रति स्वीकार नहीं की जाएगी। विश्वविद्यालय के कैलेंडर के अनुसार साक्षात्कार के लिए प्रारंभिक चयन सूची 16 सितंबर को जारी होगी और 17 से 18 सितंबर तक ऑनलाइन आपत्तियां ली जाएंगी।

साक्षात्कार की अंतिम सूची 21 सितंबर को जारी करने का कार्यक्रम है। संबंधित विभागों में साक्षात्कार 24 से 29 सितंबर के बीच संभावित हैं और चयन सूची 30 सितंबर को आएगी। पर्यवेक्षक आवंटन एक से आठ अक्टूबर तक किया जाएगा। चयनित शोधार्थियों के लिए सिनॉप्सिस और पंजीकरण की प्रक्रिया 12 अक्टूबर से 24 दिसंबर तक तथा कोर्स वर्क दो जनवरी से 30 जून 2027 तक प्रस्तावित है।