रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में एमबीबीएस की 250 सीटों के लिए शनिवार से नामांकन शुरू हो रहा है। कुल सीटों में राज्य कोटे की 208 सीटें शामिल हैं। चयनित विद्यार्थियों को अपनी श्रेणी के लिए निर्धारित दिन सुबह 9:30 बजे संस्थान के एकेडमिक बिल्डिंग में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
नामांकन प्रक्रिया श्रेणीवार संचालित की जाएगी। शुरुआती चरण में सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी ईडब्ल्यूएस के 104 विद्यार्थियों का नामांकन होना है। इसके बाद अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और दिव्यांग श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग दिन तय किए गए हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, अनुसूचित जनजाति श्रेणी के 54 विद्यार्थियों का नामांकन 1 सितंबर को होगा। बीसी-वन और बीसी-टू श्रेणी के कुल 29 विद्यार्थियों को 2 सितंबर को बुलाया गया है। अनुसूचित जाति और दिव्यांग श्रेणी के 21 विद्यार्थियों के नामांकन के लिए 3 सितंबर की तारीख निर्धारित की गई है।
रिम्स के जनसंपर्क अधिकारी और प्रवेश समिति के सदस्य डॉ. शिशिर कुमार के अनुसार, सभी श्रेणियों के लिए तारीख और समय निर्धारित कर दिया गया है। इसकी सूचना संस्थान की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई गई है। आरक्षण का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच के लिए इस बार विशेष टीम मौजूद रहेगी।
इसी बीच मेडिकल काउंसेलिंग कमेटी की दूसरे दौर की केंद्रीय काउंसेलिंग 3 सितंबर से शुरू होगी। पंजीकरण और शुल्क जमा करने की अवधि 3 से 8 सितंबर तथा विकल्प भरने और लॉक करने की अवधि 3 से 9 सितंबर तय है। सीट आवंटन की प्रक्रिया 9 और 10 सितंबर को होने के बाद परिणाम 11 सितंबर को जारी किया जाएगा।
दूसरे दौर में चयनित विद्यार्थियों को 12 से 18 सितंबर के बीच संबंधित संस्थान में रिपोर्ट कर नामांकन पूरा करना होगा। यह काउंसेलिंग एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए होगी। इसमें अखिल भारतीय कोटे की 15 प्रतिशत सीटों के साथ डीम्ड व केंद्रीय विश्वविद्यालयों, एम्स और जिपमर की सीटें शामिल हैं। राज्य स्तरीय काउंसेलिंग का दूसरा दौर 7 सितंबर से शुरू होने की संभावना बताई गई है।