लातेहार जिले में लगातार तेज बारिश के बीच महुआडांड़-डाल्टनगंज मुख्य मार्ग पर राजदंडा नदी का पुराना पुल क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो गया। ग्राम राजदंडा के पास स्थित इस पुल का एक पिलर धंसने के बाद उसका एक हिस्सा नीचे गिर गया। मार्ग पर छोटे और बड़े सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, पुल का निर्माण वर्ष 1960 से 1965 के आसपास हुआ था। शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। तेज बहाव तथा पानी के दबाव के बीच पिलर धंस गया और पुल का हिस्सा गिर गया।
पुल की मौजूदा स्थिति को खतरनाक बताया गया है। यहां से पैदल गुजरना भी जोखिम भरा है। किसी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीम ने मुख्य मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया तथा क्षतिग्रस्त हिस्से से आवागमन पर रोक लगा दी।
महुआडांड़ आने-जाने वाले लोगों के लिए बास्करचा होकर वैकल्पिक मार्ग से यातायात की व्यवस्था की गई है। मुख्य संपर्क मार्ग बाधित होने के कारण आसपास के ग्रामीणों, विद्यार्थियों और रोजाना इस रास्ते का उपयोग करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
रविवार को पुल टूटने की जानकारी मिलने के बाद आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल की जल्द मरम्मत कराने और स्थायी समाधान होने तक सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों और राहगीरों से क्षतिग्रस्त पुल को किसी भी परिस्थिति में पार नहीं करने की अपील की है। लोगों से केवल सुरक्षित वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करने को कहा गया है, ताकि नदी के तेज बहाव और जर्जर संरचना के कारण कोई दुर्घटना न हो।