लातेहार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत 10 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर मेगा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में मतदाता अपने नाम और विवरण की जांच कर सकेंगे। उन्हें आवश्यक प्रपत्रों तथा दस्तावेजों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
जिले में चल रहे अभियान की प्रगति देखने के लिए उपायुक्त संदीप कुमार ने बुधवार को राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय भूसुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 255 और 256 का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां संचालित डिजिटाइजेशन शिविर में अब तक हुए काम की जानकारी ली और मौजूद कर्मियों से पूरी प्रक्रिया समझी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ स्तरीय अधिकारियों और अन्य कर्मियों को प्राप्त गणना प्रपत्रों तथा संबंधित अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं का विवरण दर्ज करते समय सावधानी बरती जाए, ताकि सूची में त्रुटि की गुंजाइश न रहे। दस्तावेजों और प्रपत्रों को सुरक्षित रखने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उपायुक्त ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम को व्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से विभिन्न स्तरों पर डिजिटाइजेशन-सह-सहायता केंद्र भी लगाए जा रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों का नियमों के अनुसार निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बनवारी साहू महाविद्यालय के दौरे में उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद कर पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र युवा फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की गई।
भूसुर पंचायत के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्माणाधीन हॉकी स्टेडियम, स्विमिंग पूल, प्रशासनिक भवन, बहुउद्देश्यीय हॉल, व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र, छात्रावास और पुस्तकालय की प्रगति भी देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की और प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।