जमशेदपुर में झारखंड की बालक और बालिका सब-जूनियर बास्केटबॉल टीमों की घोषणा की गई है। दोनों टीमें आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय सब-जूनियर बास्केटबॉल चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए कदमा स्थित केपीएस स्कूल परिसर में एक समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दोनों टीमों के खिलाड़ियों को नई खेल किट दी गई। बालिका टीम को स्कूल की प्राचार्या शर्मिला मुखर्जी और बालक टीम को मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर मुख्तार आलम खान ने किट सौंपी।
प्रतियोगिता की तैयारी के लिए खिलाड़ियों ने दस दिन के विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। जेबीए के सचिव और अंतरराष्ट्रीय कोच जेपी सिंह की देखरेख में चले शिविर में तकनीक और शारीरिक क्षमता पर ध्यान दिया गया। खिलाड़ियों को पासिंग, शूटिंग, डिफेंस और आपसी तालमेल का नियमित अभ्यास कराया गया।
बालक टीम में नवीन, आशीष, श्रेयांश, हर्ष, रॉबर्ट, राजू, सैम हेम्ब्रम, अर्नव, युवराज, दिलकुश, हसदा और हार्दिक शामिल हैं। टीम के मुख्य प्रशिक्षक आरिफ आफताब, सहायक प्रशिक्षक विशाल दास और प्रबंधक सुशांत दीप हैं।
बालिका टीम में वर्षा, मालिया, नैशा, मायरा, मांगी, कप्तान रिशु, आमायरा, आन्या, इशिका, दृष्टि, सना और डेवनीत को जगह मिली है। किंकर कृष्णा मुख्य प्रशिक्षक, दीपक साहू सहायक प्रशिक्षक और तिशा केशरी टीम प्रबंधक हैं।
स्कूल के निदेशक शरारत चंद्र नायर ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। समारोह में जेबीए अध्यक्ष हरभजन सिंह, सचिव जेपी सिंह, कोषाध्यक्ष प्रदीप मुखर्जी तथा बास्केटबॉल से जुड़े अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण शिविर पूरा होने के बाद अब दोनों टीमें विजयवाड़ा में अपनी चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं।