सरायकेला-खरसावां जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत पांचवीं चुनावी पाठशाला और बीएलए-2 की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण से जुड़ी गतिविधियों और अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 258 का निरीक्षण किया। जिले के अन्य मतदान केंद्रों पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं तथा निर्धारित प्रक्रिया के क्रियान्वयन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन मतदाताओं की प्रकाशित नामावली देखी, जिनके नोटिस तथा सुनवाई-सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। उपस्थित बीएलए-2 और नागरिकों के सामने सूची पढ़कर सुनाने की प्रक्रिया की भी जांच की गई। बीएलओ से मिली जानकारी के आधार पर लंबित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा हुई।
उपायुक्त ने कहा कि पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन तथा समावेशी बनाना है। उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 को समन्वय के साथ काम करने को कहा, ताकि कोई योग्य मतदाता छूटे नहीं और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
अधिकारियों ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अथवा आगामी पात्रता तिथि तक यह उम्र पूरी करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया। इसके लिए प्रपत्र-6 भरवाने और पात्र युवाओं को उपलब्ध ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी देने का निर्देश दिया गया।
नोटिस और सुनवाई-सत्यापन से जुड़े लंबित मामलों को लेकर बीएलओ को अपने मतदान क्षेत्र के मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क करने को कहा गया। प्रशासन ने निर्देश दिया कि सभी लंबित निर्वाचन मामलों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध और त्वरित निष्पादन किया जाए, जिससे पुनरीक्षण का काम तय समय-सीमा में पूरा हो सके।