जमशेदपुर के साकची स्थित शॉपर्स स्क्वायर के पास रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे ट्रैफिक जांच के दौरान बाइक सवार दो युवकों और एक ट्रैफिक जवान के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद हुई हाथापाई में जवान के हाथ में चोट लगी। दोनों युवक बाइक छोड़कर मौके से चले गए, जबकि पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया।
घटना के बाद वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने बिना बैरिकेडिंग के छिपकर वाहनों की जांच करने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। हंगामे के कारण कुछ समय तक आवागमन भी प्रभावित रहा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल ने पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक आमबगान की ओर से साकची गोलचक्कर की तरफ जा रहे थे। उनका दावा है कि शॉपर्स स्क्वायर के पास एक ट्रैफिक जवान ने अचानक बाइक का हैंडल पकड़ लिया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक गिर पड़े। इसके बाद जांच के तरीके को लेकर विवाद बढ़ा और हाथापाई की स्थिति बन गई।
पुलिस ने घटना का अलग विवरण दिया है। ट्रैफिक जवान के अनुसार, बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। रोकने का संकेत मिलने पर उसने गति बढ़ाई और जवान पर बाइक चढ़ा दी, जिससे वह गिरकर घायल हो गया। जवान का आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने गाली-गलौज और हाथापाई की।
पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद एक युवक ने बाइक ले जाने की कोशिश की। वाहन को थाना ले जाने की बात कहे जाने पर उसने बाइक में तोड़फोड़ की और आग लगाने का प्रयास किया। कथित तौर पर उसने आसपास मौजूद लोगों से लाइटर भी मांगा, लेकिन बाद में बाइक वहीं छोड़कर चला गया।
ट्रैफिक डीएसपी ने कहा कि जवानों और पदाधिकारियों को वाहन चालकों से शालीनता से पेश आने तथा अनावश्यक बल प्रयोग से बचने की हिदायत दी गई है। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।