साहिबगंज जिले में निजी विद्यालयों की सुरक्षा और शैक्षणिक व्यवस्था की जांच शुरू की गई है। उपायुक्त के निर्देश पर बुधवार को सदर अंचल अधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने साहिबगंज शहर के दो स्कूलों का निरीक्षण किया। वहीं, बरहेट में पांच सदस्यीय टीम ने एक निजी विद्यालय की व्यवस्थाओं को 13 निर्धारित बिंदुओं पर परखा।
सदर अंचल अधिकारी ने पूर्वी रेलवे फाटक के पास स्थित द ग्रामर स्कूल का दौरा किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर जानकारी ली और बच्चों के स्कूल में प्रवेश तथा निकास की व्यवस्था देखी। कक्षा-कक्षों के एंट्री और एग्जिट गेट से संबंधित विवरण भी विद्यालय प्रबंधन से मांगा गया।
निरीक्षण के दौरान परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और आग लगने की स्थिति में उपलब्ध बचाव उपकरणों की जानकारी ली गई। इसके बाद अधिकारी गंगा नदी थाना के पास स्थित संत माइकल स्कूल पहुंचे, जहां विद्यालय की सुरक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनीष कुमार भी मौजूद थे।
बरहेट में मंगलवार को पांच सदस्यीय दल ने हिमालयन एकेडेमी स्कूल का निरीक्षण किया। टीम ने साफ-सफाई, स्वच्छता, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यालय परिसर की सुरक्षा की पड़ताल की। शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के प्रावधानों के अनुपालन को भी जांच के दायरे में रखा गया।
निरीक्षण दल में शिक्षा विभाग के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी समीर मुर्मू, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी भगन मुर्मू, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सोनी कुमारी और महिला पर्यवेक्षिका शारदा कुमारी शामिल थीं। अधिकारियों ने विद्यालय की अलग-अलग व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के आधार पर देखा।
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी के अनुसार, उपायुक्त के निर्देश पर बरहेट प्रखंड के सभी निजी विद्यालयों का निरीक्षण किया जाना है। हिमालयन एकेडेमी की जांच इसी प्रक्रिया का हिस्सा थी। दोनों स्थानों पर निरीक्षण से जुटाई गई जानकारी के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को सौंपी जाएगी।