साहिबगंज के सकरीगली रेलवे ग्राउंड में आयोजित 20वीं झारखंड राज्य जूनियर बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न जिलों की टीमों के बीच मुकाबले जारी रहे। तीन दिवसीय प्रतियोगिता शनिवार को शुरू हुई थी। अंतिम दिन दोनों वर्गों के सेमीफाइनल और फाइनल खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता में झारखंड के 22 जिलों की बालक और 18 जिलों की बालिका टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड और जिला कबड्डी एसोसिएशन सह आयोजन समिति के तत्वावधान में हो रहा है। शनिवार देर रात तक भी मुकाबले खेले गए थे, जबकि रविवार को कई टीमों ने नॉकआउट क्वार्टर फाइनल दौर में जगह बनाई।
बालिका वर्ग में गढ़वा ने सिंहभूम को 32-16, पलामू ने खूंटी को 37-07 और धनबाद ने देवघर को 24-15 से हराया। बोकारो ने दुमका पर 21-15, कोडरमा ने गिरिडीह पर 21-08 और हजारीबाग ने जामताड़ा पर 28-14 से जीत दर्ज की। मेजबान साहिबगंज ने गोड्डा को 38-12 से पराजित किया, जबकि चतरा ने रामगढ़ को 27-22 से हराया।
बालक वर्ग में गिरिडीह ने गोड्डा को 49-22 और पलामू ने दुमका को 24-09 से मात दी। बोकारो ने लातेहार को 41-19, कोडरमा ने रांची को 30-11 तथा पश्चिमी सिंहभूम ने चतरा को 32-19 से हराया। देवघर ने साहिबगंज पर 35-28 और हजारीबाग ने पलामू पर 25-23 से जीत हासिल की। कुछ मुकाबलों का निर्णय वॉकओवर से भी हुआ।
नॉकआउट क्वार्टर फाइनल में कोडरमा और गढ़वा, धनबाद और चतरा, हजारीबाग और पलामू तथा बोकारो और साहिबगंज के बीच मुकाबले निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद सेमीफाइनल और खिताबी मुकाबले होंगे। विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के समापन पर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष और साहिबगंज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए अभ्यास, संयम और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी अक्टूबर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।