सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय ने दीक्षांत समारोह-2026 में शामिल होने वाले स्वर्ण पदक विजेताओं और पीएचडी उपाधि प्राप्तकर्ताओं के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। संबंधित अभ्यर्थियों को 4 नवंबर को दुमका कन्वेंशन सेंटर पहुंचकर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 5 नवंबर को किसी भी परिस्थिति में पंजीकरण नहीं होगा। चार नवंबर की प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को सीट नंबर, दीक्षांत पट्टा और परिचय पत्र दिया जाएगा। इसलिए समारोह में भाग लेने वालों को निर्धारित समय के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अंतिम वर्ष या सेमेस्टर के अंकपत्र की छायाप्रति, आधार कार्ड और स्टांप आकार की एक तस्वीर लानी होगी। पीएचडी उपाधि प्राप्तकर्ताओं के लिए आधार कार्ड और तस्वीर के साथ 1,500 रुपये पंजीकरण शुल्क के बैंक चालान की प्रति प्रस्तुत करना आवश्यक किया गया है।
समारोह के लिए परिधान संहिता भी तय की गई है। छात्रों को सफेद कुर्ता-पायजामा और सफेद दुपट्टा पहनना होगा। छात्राएं सफेद सलवार-सूट या लाल पाड़ वाली सफेद साड़ी के साथ लाल ब्लाउज पहन सकेंगी। निर्धारित परिधान के बिना कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।
विश्वविद्यालय के अनुसार, समारोह में अभिभावकों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। किसी छात्र, छात्रा या शोधार्थी की जगह कोई प्रतिनिधि भी शामिल नहीं हो सकेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य उपाधि और पदक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की व्यक्तिगत उपस्थिति सुनिश्चित करना है।
शैक्षणिक शोभायात्रा में शामिल सीनेट, सिंडिकेट और एकेडमिक काउंसिल के सदस्यों के लिए भी पारंपरिक परिधान निर्धारित किया गया है। इन सदस्यों को 4 नवंबर को पूर्वाह्न 11:30 बजे कन्वेंशन सेंटर में होने वाले पूर्वाभ्यास में उपस्थित रहना होगा। परिचय पत्र जारी कराने के लिए उन्हें पासपोर्ट आकार की एक तस्वीर भी साथ लानी होगी।