जमशेदपुर स्थित एक्सएलआरआई-जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने 2026-28 बैच के समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट में शत-प्रतिशत चयन की जानकारी दी है। पीजीडीएम बिजनेस मैनेजमेंट और पीजीडीएम ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट के जमशेदपुर तथा दिल्ली-एनसीआर परिसर के सभी 587 विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के अवसर मिले हैं।
प्लेसमेंट प्रक्रिया में 106 कंपनियों और संस्थानों ने कुल 594 ऑफर दिए। विद्यार्थियों का औसत मासिक स्टाइपेंड 1.75 लाख रुपये और मीडियन स्टाइपेंड 1.80 लाख रुपये दर्ज किया गया। अधिकतम मासिक स्टाइपेंड 3.50 लाख रुपये तक पहुंचा। इस अभियान में 32 नए रिक्रूटर भी जुड़े।
आंकड़ों के अनुसार, शीर्ष 10 प्रतिशत विद्यार्थियों का औसत मासिक स्टाइपेंड 2.58 लाख रुपये रहा। शीर्ष 25 प्रतिशत विद्यार्थियों ने औसतन 2.39 लाख रुपये प्रति माह का स्टाइपेंड हासिल किया। संस्थान के निदेशक डॉ. फादर सेबेस्टियन जॉर्ज, एसजे ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और उद्योग जगत के सहयोग से जोड़ा।
क्षेत्रवार अवसरों में कंसल्टिंग की हिस्सेदारी सबसे अधिक 30 प्रतिशत रही। एक्सेंचर, बैन एंड कंपनी, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, कैपजेमिनी, डेलॉयट, ईवाई-पार्थेनॉन, केपीएमजी और पीडब्ल्यूसी जैसी कंपनियां इस श्रेणी में शामिल रहीं। एफएमसीजी, रिटेल और कंज्यूमर गुड्स क्षेत्र ने 21 प्रतिशत भूमिकाएं उपलब्ध कराईं।
ई-कॉमर्स, टेक्नोलॉजी और मीडिया क्षेत्र से 19 प्रतिशत भूमिकाएं मिलीं। अमेजन, सिस्को, गूगल, फ्लिपकार्ट, स्विगी, मीशो, जोमैटो, जियोस्टार, सोनी और जेप्टो ने विभिन्न भूमिकाओं के लिए विद्यार्थियों का चयन किया। बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा क्षेत्र की राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी प्रक्रिया में शामिल हुईं।
मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, ऊर्जा और दूरसंचार क्षेत्रों से टाटा स्टील, बजाज ऑटो, महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू, एयरटेल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, वेदांता और रिन्यू ने अवसर दिए। जनरल मैनेजमेंट श्रेणी में आदित्य बिड़ला ग्रुप, एलएंडटी, रिलायंस, आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप, आरपीजी ग्रुप और टाटा एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज ने भूमिकाएं पेश कीं।