देवघर जिले में सर्वाइकल कैंसर की शुरुआती पहचान और स्क्रीनिंग व्यवस्था मजबूत करने के लिए एम्स देवघर डिजिटल अकादमी ने ऑनलाइन क्षमता निर्माण कार्यक्रम शुरू किया है। ईसीएचओ इंडिया के सहयोग से संचालित इस पहल में जिले के अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों तक विशेषज्ञ चिकित्सा जानकारी पहुंचाने पर जोर रहेगा।
कार्यक्रम का विषय देवघर जिले में सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए ईसीएचओ प्लेटफॉर्म के उपयोग पर केंद्रित है। इसका नेतृत्व एम्स देवघर के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की टीम लीड और अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. स्वाति कर रही हैं। प्रशिक्षण डिजिटल माध्यम से आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में चिकित्सा पदाधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाना है। उन्हें सर्वाइकल कैंसर की शुरुआती पहचान, स्क्रीनिंग की प्रक्रिया, मरीजों को उपयुक्त स्वास्थ्य केंद्र तक भेजने और उपचार से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी जाएगी।
एम्स देवघर डिजिटल अकादमी और ईसीएचओ इंडिया के मंच के जरिए विशेषज्ञों का ज्ञान ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े कर्मियों तक पहुंचाने की योजना है। पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता बढ़ाना और स्क्रीनिंग के बाद जरूरत के अनुसार उचित रेफरल व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
आयोजन एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. डॉ. नितिन गंगाने के नेतृत्व और मार्गदर्शन में किया गया। इसमें ईसीएचओ इंडिया के उपाध्यक्ष डॉ. संदीप भल्ला, जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार गुप्ता तथा एम्स की डॉ. शिखा सहाय और डॉ. बिजित बिस्वास शामिल हुए।
एम्स देवघर डिजिटल अकादमी की नोडल अधिकारी डॉ. सौमी कुंडू के साथ ईसीएचओ इंडिया से दीप झा और अभिषेक तिवारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। पहल में इस बात पर जोर दिया गया है कि स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों को सक्षम बनाकर शुरुआती स्तर पर स्क्रीनिंग और समय पर रेफरल को मजबूत किया जाए, ताकि हर मरीज को प्रारंभिक प्रक्रिया के लिए विशेषज्ञ केंद्र भेजने की आवश्यकता कम हो सके।