एम्स देवघर में 29 से 31 जनवरी तक होगा जेओएसीओएन-2027

झारखंड ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के 19वें वार्षिक सम्मेलन में हड्डी एवं जोड़ रोगों के उपचार, आधुनिक सर्जरी तकनीकों और नवीनतम शोध पर वैज्ञानिक सत्र होंगे।

2 मिनट पढ़ें 2 बार पढ़ी गई
झारखंड24 का पूर्ण लोगो—प्रकाशक की लोगो-मात्र छवि के स्थान पर

देवघर के देवीपुर स्थित एम्स के ऑडिटोरियम में झारखंड ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन का 19वां वार्षिक सम्मेलन जेओएसीओएन-2027 आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय सम्मेलन 29 जनवरी से शुरू होकर 31 जनवरी 2027 तक चलेगा। इसकी मेजबानी संतालपरगना ऑर्थोपेडिक क्लब और एम्स देवघर का ऑर्थोपेडिक्स विभाग संयुक्त रूप से करेंगे।

आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में देश और विदेश के हड्डी रोग विशेषज्ञों, चिकित्सकों तथा शोधकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान हड्डी एवं जोड़ संबंधी रोगों के उपचार, ऑर्थोपेडिक सर्जरी की आधुनिक तकनीकों, नई उपचार पद्धतियों और नवीनतम शोध पर चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल चर्चा और अन्य वैज्ञानिक सत्र भी प्रस्तावित हैं।

पहले दिन 29 जनवरी को एशिया पैसिफिक ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन का यंग सर्जन फोरम आयोजित होगा। इसके बाद 30 जनवरी को मुख्य सम्मेलन सत्र और उद्घाटन समारोह होगा। इसी दिन बैंक्वेट तथा गाला डिनर का कार्यक्रम भी रखा गया है।

सम्मेलन के अंतिम दिन 31 जनवरी को दोपहर तक वैज्ञानिक एवं अन्य निर्धारित सत्र चलेंगे। इसके बाद समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। दोपहर के भोजन के साथ तीन दिवसीय आयोजन का औपचारिक समापन होगा। सम्मेलन का उद्देश्य चिकित्सकों को ज्ञान और अनुभव साझा करने तथा नई उपचार तकनीकों पर विचार-विमर्श के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

आयोजन की तैयारियों के लिए अलग-अलग समितियां गठित की गई हैं। एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. डॉ. नितिन एम. गंगाने को मुख्य संरक्षक बनाया गया है। डॉ. एनएल पंडित, डॉ. श्याम सुंदर और डॉ. अंजय परवीन संरक्षक होंगे, जबकि डॉ. संजय लाल दास को सह-आयोजन अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

डॉ. मनीष राज आयोजन सचिव तथा डॉ. विकास राज और डॉ. चंद्रकांत संयुक्त आयोजन सचिव बनाए गए हैं। वैज्ञानिक कार्यक्रम की जिम्मेदारी डॉ. सुदर्शन बेहरा को दी गई है और डॉ. पवन कुमार कोषाध्यक्ष होंगे। हॉस्पिटैलिटी, कैटरिंग, रिसेप्शन, स्मारिका और पंजीकरण समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी समितियां बनाई गई हैं। सम्मेलन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।