रांची में करम पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के 53 वार्डों में चिह्नित 298 सरना स्थलों और अखड़ों पर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल तथा आवागमन से जुड़ी सुविधाएं दुरुस्त की जाएंगी। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों को सभी जरूरी काम समय पर पूरा करने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है।
नगर आयुक्त ने निगम के पदाधिकारियों के साथ सहजानंद चौक स्थित देशवाली सरना-सह-अखड़ा, सरना टोली, हातमा बस्ती, रांची कॉलेज छात्रावास और करमटोली चौक के सरना स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से स्थानीय जरूरतों और तैयारियों के संबंध में सुझाव भी लिए गए।
निगम की योजना के अनुसार सरना स्थलों, अखड़ों और वहां तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की विशेष सफाई कराई जाएगी। परिसरों में झाड़ू लगाने और घास काटने के साथ जरूरत के मुताबिक ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव होगा। वार्ड सुपरवाइजरों और सफाईकर्मियों को स्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा पूजा समितियों के संपर्क में रहने को कहा गया है।
रात में होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए विद्युत शाखा सभी संबंधित स्थानों की स्ट्रीट लाइटों की जांच करेगी। संपर्क मार्गों पर खराब लाइटों की मरम्मत प्राथमिकता से करने का निर्देश है। आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए जरूरत वाले हिस्सों में पेवर ब्लॉक, स्टोन डस्ट और जेएसबी से समतलीकरण कराया जाएगा। खुले नालों पर स्लैब लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता वाले सरना स्थलों और अखड़ों में पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। जलापूर्ति शाखा पूजा समितियों के साथ समन्वय कर टैंकर भेजेगी। सुरक्षा के मद्देनजर सूखे पेड़ों और लटकती डालियों की छंटाई का निर्देश भी दिया गया है। हॉर्टिकल्चर शाखा जरूरत के अनुसार पौधारोपण और परिसर को व्यवस्थित करेगी।
नगर आयुक्त ने करम को झारखंड की सांस्कृतिक और सामुदायिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताते हुए अधिकारियों से पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय रखने को कहा है। किसी समस्या या अतिरिक्त सुविधा की आवश्यकता होने पर निगम के चौबीस घंटे सक्रिय कनेक्ट सेंटर 1800 5701235 पर सूचना दी जा सकती है।