खूंटी जिले के पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसपी कार्यालय से जारी आदेशों के तहत पुलिस निरीक्षक, अवर निरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक, हवलदार और आरक्षी स्तर के कुल 276 पुलिसकर्मियों का तबादला कर उन्हें नया पदस्थापन दिया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
पुलिस केंद्र में पदस्थापित निरीक्षक बाबू बंशी साव को खूंटी थाना प्रभारी बनाया गया है। निरीक्षक परशुराम पासवान को तोरपा अंचल और अनिल उरांव को खूंटी अंचल के पुलिस निरीक्षक पद पर तैनात किया गया है। फेरबदल का उद्देश्य जिले में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना बताया गया है।
एक अन्य आदेश के अंतर्गत 14 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को मुरहू थाना और जय कुमार को खूंटी थाना भेजा गया है। सहायक अवर निरीक्षक लालजी यादव को तोरपा, अमित भूषण कुजूर को तपकारा और किरीटी भूषण महतो को मुरहू थाने में पदस्थापित किया गया है।
महिला सहायक अवर निरीक्षक मंजु लकड़ा का स्थानांतरण खूंटी थाने से हिन्दी शाखा में किया गया है। इसके अतिरिक्त, पहले जारी एक आदेश के तहत 12 आरक्षियों को अलग-अलग अंचलों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालयों में भेजा गया था।
जिला बल के 247 हवलदारों और आरक्षियों की भी नई प्रतिनियुक्ति की गई है। इन्हें खूंटी, तोरपा, कर्रा, रनिया, तपकारा और जरियागढ़ के विभिन्न थानों के रिजर्व गार्ड के साथ उप-कारा, व्यवहार न्यायालय, लोधमा पिकेट तथा वीआईपी और प्रशासनिक आवासों की सुरक्षा में लगाया गया है।
एसपी ने स्थानांतरित सभी पदाधिकारियों और जवानों को आदेश जारी होने के बाद अविलंब, अधिकतम 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। उन्हें आदेश के अनुपालन से जुड़ा प्रतिवेदन भी सौंपना होगा। इस बदलाव से जिले के थानों, अंचलों और प्रमुख सुरक्षा प्रतिष्ठानों में पुलिसकर्मियों की तैनाती नए सिरे से व्यवस्थित होगी।