गढ़वा शहर के गल्ला पट्टी स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर में दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर समिति की बैठक में पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं पर विचार किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद कश्यप ने की।
बैठक में प्रसाद वितरण के कार्यक्रम को लेकर अलग-अलग दिनों की रूपरेखा तय की गई। समिति के निर्णय के अनुसार, दुर्गा पूजा की एकम तिथि से अष्टमी तक मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटा जाएगा। नवमी के दिन महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी।
दशमी के लिए बड़े स्तर पर भंडारा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, भंडारा सुबह आठ बजे शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा। समिति ने बताया कि इसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था करने की योजना है।
तैयारियों पर चर्चा के साथ मंदिर समिति का पुनर्गठन भी किया गया। सुरेंद्र प्रसाद कश्यप को लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुना गया। विजय मद्धेशिया को उपाध्यक्ष, अजय कश्यप को कोषाध्यक्ष और दिनेश केशरी को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समिति ने सरजू प्रसाद केशरी, प्रेमचंद कश्यप, सुनील गुप्ता और भीम प्रसाद को संरक्षक बनाया है। बैठक में पूजा के दिनों में प्रसाद और भंडारे के संचालन से जुड़ी जिम्मेदारियों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विचार हुआ।
बैठक में महेंद्र प्रसाद बाजार समिति, अरुण कुमार, राकेश केशरी, मनीष केशरी, महेंद्र केशरी, जितेंद्र केशरी, प्रताप केशरी, दीपक केशरी, ज्ञान केशरी, हिमेश केशरी, मदन कांस्कर, दीपक कुमार मिल, राजू प्रसाद, राजेश कश्यप, प्रमोद केशरी और गोपाल प्रसाद समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।