चक्रवात अर्नब के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड के कई जिलों में 28 से 30 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद राज्य सरकार ने जिला प्रशासनों को सतर्क रहने और प्रतिकूल परिस्थितियों से निपटने की तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे से अगले 24 घंटे के लिए रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। येलो अलर्ट के तहत संबंधित जिलों को मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।
बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना के बीच गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। यह चेतावनी 29 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे से 30 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी रहने की बात कही गई है।
चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी 29 अक्टूबर की सुबह से अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही बुधवार से तीन दिनों तक गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य क्षेत्र में स्थित अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था। इसके 27 अक्टूबर की शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना बताई गई है।
रांची जिला प्रशासन ने अधिकारियों को हालात पर नजर रखने और जरूरी तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन के मुताबिक भारी बारिश से निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव हो सकता है। कमजोर इमारतों और कच्चे मकानों को नुकसान, नदियों व बड़े नालों में जलस्तर बढ़ने तथा खेतों में पानी जमा होने से खड़ी फसलों के प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।