चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में ओत गुरु कोल लाको बोदरा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उनकी 107वीं जयंती पर शनिवार को हुई नगर परिषद की पांचवीं बोर्ड बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रतिमा के लिए आरके जैन पेट्रोल पंप के कॉर्नर का स्थान तय किया गया है।
बोर्ड की मंजूरी को लाको बोदरा की स्मृति और उनके योगदान को शहर में स्थायी पहचान देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। प्रस्ताव जयंती के दिन ही पारित होने पर हो भाषा और संस्कृति से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
प्रस्ताव पारित होने के बाद आदिवासी हो समाज युवा महासभा ने सोमवार को नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू तथा बोर्ड के वार्ड पार्षदों और सदस्यों के प्रति आभार जताया। संगठन ने इस अवसर पर विशेष बैठक भी आयोजित की।
बैठक में युवा महासभा के पदाधिकारियों और हो भाषा प्रेमियों ने लाको बोदरा को श्रद्धांजलि अर्पित की। महासभा ने नगर परिषद के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे भाषा और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने वाला कदम बताया।
युवा महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष ईपील सामड के अनुसार, प्रतिमा की स्थापना से लाको बोदरा के योगदान को स्थायी सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों को उनके इतिहास, विचारों और समाज के लिए किए गए कार्यों से परिचित कराने का माध्यम भी बनेगी।
लाको बोदरा को वारंग क्षिति लिपि की विरासत से जोड़कर याद किया जाता है। आभार कार्यक्रम में महासभा के केंद्रीय सचिव रवि बिरुली, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र पूर्ति और महिला महासभा की अध्यक्ष अंजू सामड सहित संगठन के कई पदाधिकारी तथा सदस्य उपस्थित रहे।