झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने गुरुवार को जमशेदपुर में पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बिष्टुपुर के सीएच एरिया स्थित पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकरीब के आवास पर हुई बैठक में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में हाल के दिनों में जमशेदपुर में हुई आपराधिक घटनाओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई। डीजीपी ने केनरा बैंक लूट और मरीन ड्राइव स्थित एक रेस्तरां में हुई गोलीबारी के मामलों में अब तक की पुलिस कार्रवाई तथा जांच की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को इन घटनाओं में शामिल गिरोहों की पहचान कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। संगठित अपराध पर नियंत्रण के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और पुलिस गश्त को अधिक मुस्तैद बनाने पर भी जोर दिया गया।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उपायों पर डीजीपी ने अधिकारियों से प्रतिक्रिया ली। बैठक में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति पर विचार किया गया। उन्होंने अधिकारियों के सामने आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को प्राथमिकता के रूप में रखा।
समीक्षा के दौरान आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए विशेष सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश भी दिए गए। पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी और अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षकों से कहा गया कि पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
बैठक में एसएसपी समेत कोल्हान क्षेत्र के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। चर्चा का मुख्य केंद्र लंबित प्रमुख मामलों की जांच, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चल रहे अभियान, गश्ती व्यवस्था और त्योहारों के समय सुरक्षा तैयारियों को बेहतर बनाना रहा।