जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित होटल रमाडा में 18 से 20 दिसंबर 2026 तक जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2.0 आयोजित किया जाएगा। विद्यादीप फाउंडेशन के तत्वावधान में होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव का केंद्रीय विषय ‘विरासत एवं पर्यटन’ रखा गया है। आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से 80 से अधिक अतिथियों और वक्ताओं की सहभागिता प्रस्तावित है।
महोत्सव में साहित्य के साथ संगीत, नृत्य, सिनेमा, पत्रकारिता, शिक्षा, प्रशासन, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विषयों पर संवाद होगा। आयोजन का उद्देश्य झारखंड की ऐतिहासिक धरोहर, जनजातीय जीवनशैली, लोककलाओं, प्राकृतिक संपदा और पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक राष्ट्रीय विमर्श से जोड़ना है।
कार्यक्रम में पद्म विभूषण डॉ. सोनल मानसिंह के अलावा पद्मश्री तिलक गीताई, अनूप रंजन पांडेय, फूलबासन बाई यादव, मधु मंसूरी हंसमुख और मुकुंद नायक के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इनकी उपस्थिति से कला, संस्कृति और झारखंड की लोक परंपराओं पर होने वाली चर्चाओं को विशेष स्थान मिलने की संभावना है।
सिनेमा से जुड़े सत्रों में अभिनेता अशोक पाठक और बुल्लू कुमार, निर्देशक तरुण डुडेजा तथा कास्टिंग डायरेक्टर अनमोल आहूजा भाग लेंगे। साहित्य और कला क्षेत्र से डॉ. यतीन्द्र मिश्र, अक्षत गुप्ता, मनीष पुष्कले, अजिताभ बोस और नीरज जायसवाल की सहभागिता तय की गई है।
पत्रकारिता से अनंत विजय, डॉ. अंजुम शर्मा, संजय कृष्ण, डॉ. विनीत कुमार, संजय मिश्र और उत्तम नाथ पाठक महोत्सव में शामिल होंगे। पर्यटन एवं यात्रा साहित्य के लिए अलग मंच रखा गया है, जहां संजय शेफर्ड, डॉ. कायनात काजी, नितेश शर्मा, अनुराग यादव ‘अजितालय’ और मधुरंजन सिंह अपने अनुभव साझा करेंगे।
झारखंड पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन भी आयोजन में हिस्सा लेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, महोत्सव साहित्यिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन स्थलों को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के बीच चर्चा का मंच भी बनेगा।