रांची में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए पांच विद्युत कार्यपालक अभियंताओं का स्थानांतरण और पदस्थापन किया है। निगम मुख्यालय, अभियंत्रण भवन, धुर्वा से बुधवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
कोकर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, रांची में कार्यरत गौरव कुमार का स्थानांतरण चक्रधरपुर किया गया है। उन्हें चक्रधरपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह मधुपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रोहित मांझी को कोकर डिविजन में पदस्थापित किया गया है।
विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, मेदिनीनगर में सीसी एंड आरएम के कार्यपालक अभियंता मोहम्मद शमशाद आलम को भी रांची भेजा गया है। उन्हें विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची में टीआरडब्ल्यू एंड स्टोर के कार्यपालक अभियंता पद पर तैनाती मिली है।
अधिसूचना के अनुसार, रांची विद्युत आपूर्ति अंचल में टीआरडब्ल्यू एंड स्टोर की जिम्मेदारी संभाल रहे कफील अंसारी का स्थानांतरण मधुपुर किया गया है। अब वह मधुपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के रूप में काम करेंगे। इस तरह रांची और मधुपुर से जुड़े पदस्थापन में परस्पर बदलाव हुआ है।
धनबाद विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में सीसी एंड आरएम के कार्यपालक अभियंता अभिषेक कुमार सिंह को छतरपुर भेजा गया है। उन्हें छतरपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता बनाया गया है। निगम की ओर से जारी इस प्रशासनिक अधिसूचना पर उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) के हस्ताक्षर हैं।