झारखंड के स्कूल-कॉलेजों में खुलेंगे 5000 से अधिक मतदाता साक्षरता क्लब

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बनने वाले क्लबों में विद्यार्थी चुनावी प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना की जानकारी गतिविधियों के माध्यम से हासिल करेंगे।

2 मिनट पढ़ें 3 बार पढ़ी गई
झारखंड के शैक्षणिक संस्थानों में मतदाता साक्षरता क्लब गठन की तैयारी

रांची: झारखंड के सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों, कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों में 5000 से अधिक इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब खोलने की तैयारी की जा रही है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बनने वाले इन क्लबों का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ चुनावी प्रक्रिया और मतदाता की भूमिका की व्यावहारिक जानकारी देना है। रांची समेत सभी जिलों में इसके लिए तैयारी चल रही है।

स्कूल स्तर के क्लबों में नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के ऐसे विद्यार्थी शामिल होंगे, जो आने वाले वर्षों में मतदाता बनेंगे। कॉलेजों में 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी भागीदारी करेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार क्लबों को स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय की तीन श्रेणियों में गठित किया जाएगा।

हर क्लब में विद्यार्थियों की एक कार्यसमिति होगी। चयनित छात्रों में से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाए जाएंगे, जबकि अन्य विद्यार्थी सदस्य के रूप में जुड़ेंगे। क्लब के संचालन से जुड़ी जानकारी समन्वयक के माध्यम से ईसीआईनेट पर दर्ज की जाएगी। प्रत्येक क्लब निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर भी तैयार करेगा।

क्लबों के माध्यम से समूह चर्चा, प्रश्नोत्तरी और प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, मतदान के तरीके, मतगणना और ईसीआईनेट के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। बेहतर काम करने वाले क्लबों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान पाने का अवसर भी मिलेगा।

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अब तक 2000 से अधिक शैक्षणिक संस्थान ईसीआईनेट के जरिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। संस्थानों को पहले क्लब समन्वयक नामित करना है। विद्यार्थियों के पंजीकरण के बाद संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अनुशंसा करेंगे और जिला निर्वाचन पदाधिकारी के स्तर से स्वीकृति दी जाएगी। राज्य स्तर पर निगरानी के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति भी प्रस्तावित है।

क्लब गठन की प्रक्रिया के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का 19 और 20 नवंबर को झारखंड दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान उनके करीब 1000 क्लब सदस्यों और लगभग 500 बूथ स्तरीय अधिकारियों से संवाद करने की जानकारी दी गई है। प्रस्तावित दौरे को देखते हुए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को पंजीकरण का काम तेज करने का निर्देश दिया गया है।