रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से गुरुवार को राजधानी और राज्य के अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को लगभग पूरे राज्य में बादल छाए रह सकते हैं तथा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है।
रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान 52.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बरसात के बीच शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 98 प्रतिशत और न्यूनतम 95 प्रतिशत रही।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक एक जून से 24 सितंबर तक रांची में कुल 1295.1 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। राजधानी के अलग-अलग केंद्रों पर भी वर्षा की मात्रा में अंतर रहा। रांची एयरो में 52.6 मिलीमीटर और बीएयू कांके में 102.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
राज्य में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 128.6 मिलीमीटर बारिश धनबाद के बाघमारा में रिकॉर्ड हुई। नंदीह में 123.6 मिलीमीटर, पुटकी सीडब्ल्यूसी में 118.4 मिलीमीटर, पालगंज में 105 मिलीमीटर, कुकुर में 98.6 मिलीमीटर और निमडीह में 97.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम तथा उससे सटे रांची, गुमला और खूंटी के कुछ इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिली।
शुक्रवार को कुछ स्थानों पर गरज-वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। शनिवार को भी अनेक हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन की स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है। इसके बाद तीन दिनों के दौरान तापमान धीरे-धीरे तीन से चार डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। 27 और 28 सितंबर को भी राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन होने की संभावना बनी हुई है।