रांची में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को एसआईआर अवधि के दौरान कम से कम एक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में पंजीकरण की प्रक्रिया समझाना और युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है।
गुरुवार को सभी प्रमंडलों के क्लब समन्वयकों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में विद्यालय और महाविद्यालय स्तर की गतिविधियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों से कहा गया कि जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाएं।
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, झारखंड में 5,535 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब गठित करने का लक्ष्य है। इसके मुकाबले अब तक 4,461 क्लब गठित होकर सक्रिय हैं। प्रत्येक विद्यालय में मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और उनके परिवारों तक मतदाता पंजीकरण की सही जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया। पात्र युवा भारतीय नागरिकों को ईसीआईनेट ऐप के जरिये फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है।
क्लब के पदाधिकारियों और समन्वयकों को ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया समझाने तथा आवेदन भरने में जरूरी मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। प्रयास यह रहेगा कि कोई पात्र नागरिक प्रक्रिया की जानकारी के अभाव में मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रह जाए।
बैठक में एसआईआर, पात्रता के प्रावधानों और मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर सही सूचना प्रसारित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों से भ्रामक सूचनाओं और गलतफहमियों से बचाव के लिए मतदाताओं को जागरूक करने तथा फर्जी खबरों के प्रति सावधान करने को भी कहा गया है।