झारखंड सहायक कारापाल नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के तहत शारीरिक मापदंड और दक्षता जांच बुधवार से शुरू हो गई। कुल 84 पदों पर होने वाली नियुक्ति के लिए 56,304 अभ्यर्थियों को इस चरण के लिए चुना गया है। आयोग अभ्यर्थियों की तिथिवार सूची पहले ही जारी कर चुका है और पूरी प्रक्रिया 13 नवंबर तक चलेगी।
अभ्यर्थियों की जांच के लिए क्षेत्र के अनुसार तीन बोर्ड बनाए गए हैं। पलामू और कोल्हान क्षेत्र के 25,215 अभ्यर्थियों का केंद्र रांची के डोरंडा स्थित जैप वन ग्राउंड है। हजारीबाग और कोयलांचल क्षेत्र के जिलों से आने वाले 19,926 अभ्यर्थियों की जांच हजारीबाग के पुराने बस स्टैंड के पास स्थित कर्जन ग्राउंड में होगी।
संताल परगना तथा अन्य क्षेत्रों के 11,163 अभ्यर्थियों के लिए गोड्डा जिले के महागामा स्थित राजेंद्र स्टेडियम, ऊर्जानगर को केंद्र बनाया गया है। गोड्डा केंद्र पर रिपोर्टिंग का समय सुबह पांच बजे है। रांची और हजारीबाग में अभ्यर्थियों को सुबह छह बजे रिपोर्ट करना होगा तथा सुबह 11:45 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को छह मिनट में 1,600 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए इतनी ही दूरी पूरी करने की समय-सीमा 10 मिनट तय है। प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन 100-100 अभ्यर्थियों के 20 बैच बनाकर करीब दो हजार लोगों की जांच करने की व्यवस्था है।
यह चरण केवल अर्हता निर्धारित करने वाली दक्षता परीक्षा है और इसमें कोई अंक नहीं जोड़ा जाएगा। सफल अभ्यर्थियों को आगे लिखित परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया में चिकित्सीय जांच भी कराई जाएगी।
नियमों के अनुसार शारीरिक परीक्षा में 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के सफल होने पर प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद मुख्य परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के आधार पर अंतिम मेधा सूची बनेगी। कुल रिक्तियों में 42 नियमित और 42 बैकलॉग पद शामिल हैं।