टाटानगर से खातीपुरा के लिए साप्ताहिक एक्सप्रेस शुरू, जयपुर तक मिला सीधा रेल संपर्क

संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस के शुरू होने से टाटानगर के यात्रियों को जयपुर के साथ प्रयागराज, कानपुर और आगरा समेत कई शहरों के लिए नई रेल सुविधा मिली है।

2 मिनट पढ़ें 6 बार पढ़ी गई
टाटानगर स्टेशन से संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस को रवाना करते अतिथि

जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन से राजस्थान के खातीपुरा के लिए संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ किया गया। प्लेटफॉर्म संख्या एक पर सांसद विद्युत वरण महतो और चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

नई साप्ताहिक ट्रेन से टाटानगर और जयपुर क्षेत्र के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हुआ है। खातीपुरा स्टेशन से जयपुर शहर की दूरी करीब 17 किलोमीटर बताई गई है। इस कारण जयपुर जाने वाले यात्रियों के साथ खाटू श्याम मंदिर की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

जारी समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन संख्या 18061 संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस रात 10:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी और 11:05 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 18062 खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस दोपहर 3:05 बजे टाटानगर आएगी तथा 3:10 बजे आगे प्रस्थान करेगी।

लगभग 1,677 किलोमीटर की यात्रा के दौरान ट्रेन का ठहराव चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड और जपला में निर्धारित है। इसके बाद यह डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए आगे जाएगी।

मार्ग में मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा, बांदीकुई और दौसा भी शामिल हैं। इससे राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। विशेष रूप से प्रयागराज, कानपुर और आगरा जाने वालों को इस सेवा का लाभ मिल सकता है।

ट्रेन संतरागाछी से बुधवार और खातीपुरा से शुक्रवार को चलेगी। इसके परिचालन में एलएचबी रैक का उपयोग किया जाएगा और रैक के रखरखाव की जिम्मेदारी संतरागाछी को दी गई है। उद्घाटन के लिए नई रैक और बोगियों को फूलों से सजाया गया था तथा कार्यक्रम में रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी उपस्थित रहे।