दीपावली-छठ पर गुमला में बढ़ेगी पुलिस निगरानी, जुआ और चोरी के खिलाफ अभियान

गुमला पुलिस ने दीपावली और छठ के दौरान बाजारों, बैंकों, एटीएम, आभूषण दुकानों और घाटों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। संभावित जुआ अड्डों पर छापेमारी और नियमित गश्त भी होगी।

2 मिनट पढ़ें 4 बार पढ़ी गई
गुमला में दीपावली और छठ की सुरक्षा तैयारियों पर अपराध समीक्षा बैठक करते पुलिस अधिकारी

गुमला में दीपावली और छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के बीच जुआ, चोरी, छिनतई, नशे के कारोबार और दूसरी असामाजिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ वाले स्थानों के साथ हाट-बाजार, बैंक, एटीएम और आभूषण दुकानों की सुरक्षा पर भी ध्यान देने को कहा गया है।

चंदाली स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में शनिवार को एसपी हारिश बिन जमां की अध्यक्षता में हुई मासिक अपराध समीक्षा बैठक में यह व्यवस्था तय की गई। बैठक में एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। अधिकारियों को आगामी पर्वों के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

दीपावली के समय संभावित जुआ अड्डों की पहचान कर वहां छापेमारी करने को कहा गया है। पुलिस को आशंका है कि इस अवधि में दूसरे जिलों से भी लोग जुआ खेलने आ सकते हैं। सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ाने, थाना क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। रात्रि गश्ती दल हूटर बजाते हुए पेट्रोलिंग करेंगे।

छठ को देखते हुए प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों की उपलब्धता रखने का भी निर्देश है। पूजा पंडालों, विसर्जन जुलूसों और मेला स्थलों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।

बैठक में लंबित वारंट, कुर्की और इश्तेहार के शीघ्र निष्पादन के साथ लूट, डकैती, गृहभेदन, पॉक्सो, दुष्कर्म, अपहरण और लापता बच्चों से जुड़े मामलों की समीक्षा भी की गई। नशे और मानव तस्करी तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराध रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

पर्व के दौरान सड़क सुरक्षा को भी अभियान में शामिल किया गया है। बिना हेलमेट वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग और लापरवाह वाहन परिचालन के मामलों में कार्रवाई करने को कहा गया है। इसके अलावा एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलेगा। सभी थाना प्रभारियों को दीपावली और छठ के दौरान नियमित गश्त तथा निगरानी के जरिए जिले में व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है।