गढ़वा शहर में दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था 16 से 21 अक्टूबर तक लागू रहेगी। इस अवधि में निजी वाहनों के प्रवेश पर तय समय के अनुसार रोक रहेगी, जबकि बसों, मालवाहक वाहनों, ऑटो और छोटी गाड़ियों के लिए अलग-अलग पड़ाव तथा मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
निर्देश के अनुसार, 16 से 21 अक्टूबर तक रोज सुबह पांच बजे से दोपहर एक बजे और शाम चार बजे से रात एक बजे तक निजी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। बड़ी गाड़ियों का प्रवेश 16 अक्टूबर की शाम चार बजे से 21 अक्टूबर तक बंद रहेगा। छोटी मालवाहक गाड़ियों को रात एक बजे से सुबह चार बजे के बीच ही प्रवेश की अनुमति होगी।
मेराल की ओर से आने वाली बसें कल्याणपुर ओवरब्रिज के पास रुकेंगी, जबकि उस दिशा के निजी वाहन टाउन हॉल मैदान तक पहुंच सकेंगे। रंका और शाहपुर की ओर से आने वाली बसों के लिए नारायणपुर ओवरब्रिज तथा छोटी गाड़ियों के लिए टंडवा बस स्टैंड तय किया गया है। मझिआंव की ओर से आने वाले वाहन कर्बला मैदान तक आ सकेंगे।
पलामू की ओर से आने वाली बसों और बड़ी गाड़ियों का ठहराव हूर मोड़ तक रहेगा। गढ़वा बस स्टैंड जाने वाली बसों को डेंटल कॉलेज मोड़ की दिशा से पहुंचने की अनुमति होगी। इस ओर से आने वाली छोटी गाड़ियां टंडवा मोड़ तक जा सकेंगी। रेहला की ओर से आने वाली छोटी गाड़ियों को गढ़वा बस स्टैंड तक आने दिया जाएगा।
चिनियां की दिशा से आने वाले वाहनों को कल्याणपुर ओवरब्रिज से लौटना होगा। मझिआंव मोड़ से रंका मोड़ के बीच वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। छत्तीसगढ़, नगर उंटारी, पलामू, रेहला और मझिआंव की तरफ से आने वाली बसों के लिए भी क्रमशः नारायणपुर ओवरब्रिज, कल्याणपुर ओवरब्रिज, हूर ओवरब्रिज, बीएनटी चौक और कर्बला मैदान पड़ाव बनाए गए हैं।
शहर में ऑटो के ठहराव के लिए कर्बला मैदान, टाउन हॉल मैदान और टंडवा चौक चिह्नित किए गए हैं। वाहन चालकों को इन्हीं स्थानों का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने लोगों और श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग तथा पड़ाव का पालन करने की अपील की है, ताकि पूजा के दौरान आवागमन सुगम रहे और जाम की स्थिति से बचा जा सके।