देवघर में पटाखा दुकानों के लिए एनओसी और प्रशासनिक अनुमति अनिवार्य

दीपावली से पहले देवघर अग्निशमन विभाग ने पटाखों की बिक्री और भंडारण के लिए सुरक्षा मानक तय किए हैं। बिना वैध लाइसेंस दुकान चलाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

2 मिनट पढ़ें 4 बार पढ़ी गई
देवघर में दीपावली से पहले पटाखा दुकानों के लिए जारी अग्नि सुरक्षा निर्देश

देवघर में दीपावली के दौरान आग लगने की घटनाओं से बचाव के लिए अग्निशमन विभाग ने पटाखों की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वैध लाइसेंस के बिना पटाखे की दुकान नहीं चलाई जा सकती। अवैध भंडारण और निर्धारित सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

जिला अग्निशमन पदाधिकारी गोपाल प्रसाद यादव के अनुसार, त्योहार के लिए विशेष सुरक्षा रणनीति तैयार की गई है। संभावित बिक्री स्थलों के साथ संदिग्ध भंडारण केंद्रों पर भी निगरानी रखी जा रही है। अस्थायी दुकान खोलने से पहले अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र और स्थानीय प्रशासन की अनुमति लेना जरूरी होगा।

अस्थायी दुकानें प्रशासन द्वारा निर्धारित खुले मैदान में ही लगाई जा सकेंगी। दो दुकानों के बीच एक से तीन मीटर की दूरी रखनी होगी। हर दुकान पर पानी से भरे ड्रम या बाल्टी, बालू और चालू हालत में पोर्टेबल अग्निशामक यंत्र रखना अनिवार्य किया गया है।

घनी आबादी, संकरी गलियों, अस्पतालों, पेट्रोल पंपों और गैस गोदामों से कम से कम 50 मीटर दूर दुकान लगाने की शर्त रखी गई है। दुकानों के आसपास दीया जलाने, धूम्रपान करने और खुले बिजली के तार इस्तेमाल करने की मनाही रहेगी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के तहत 125 डेसिबल से कम आवाज वाले पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन पटाखों की बिक्री और उपयोग पर जोर दिया गया है।

विभाग ने लोगों से बच्चों को केवल वयस्कों की निगरानी में खुले स्थान पर आतिशबाजी कराने की अपील की है। पटाखे हाथ में लेकर जलाने के बजाय जमीन पर रखने, रॉकेट की दिशा लोगों या मकानों की ओर नहीं रखने और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। बिजली के तार, ट्रांसफॉर्मर, ईंधन पंप और गैस सिलिंडर के पास आतिशबाजी नहीं करने को कहा गया है।

नहीं फूटने वाले पटाखे को तुरंत छूने से भी मना किया गया है। विभाग के मुताबिक, पांच मिनट प्रतीक्षा करने के बाद उस पर पानी डालकर निष्क्रिय करना चाहिए। कपड़ों में आग लगने पर भागने के बजाय जमीन पर लेटने और जलने वाले हिस्से को तत्काल ठंडे पानी से धोने की सलाह दी गई है। आग लगने की स्थिति में आपात सेवा या देवघर फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना देने को कहा गया है।