भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत दो नवंबर से झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह देवघर और रांची में निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्य न्यायाधीश बनने के बाद यह उनका पहला झारखंड दौरा होगा। उनके आगमन को लेकर झारखंड हाईकोर्ट और न्यायिक प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश दिल्ली से विमान के जरिये पहले देवघर पहुंचेंगे। वहां बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वह राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। देवघर के कार्यक्रम पूरे करने के बाद उनका शाम को विमान से रांची पहुंचने का कार्यक्रम है।
रांची में जस्टिस सूर्यकांत झारखंड हाईकोर्ट के डाटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ न्यायिक कामकाज में डिजिटल तकनीक का उपयोग बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किए गए कई ई-प्रोजेक्ट भी शुरू किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के लिए हाईकोर्ट परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
निर्धारित कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस अपरेश कुमार सिंह और जस्टिस एस. चंद्रशेखर के अलावा झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एम.एस. सोनक समेत अन्य न्यायाधीशों की मौजूदगी रहेगी। आयोजन के व्यवस्थित संचालन के लिए हाईकोर्ट प्रबंधन ने न्यायिक अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार प्रशासन विश्वनाथ शुक्ला की ओर से जारी पत्र में 16 न्यायिक अधिकारियों को कार्यक्रम से संबंधित दायित्व दिए गए हैं। इनमें सीबीआई और एसीबी की विशेष अदालतों के साथ फैमिली कोर्ट, पॉक्सो कोर्ट तथा सिविल एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सभी नामित अधिकारियों को दो नवंबर को शाम छह बजे हाईकोर्ट परिसर में उपस्थित होकर सेंट्रल प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, ई-कोर्ट्स प्रोजेक्ट के समक्ष रिपोर्ट करने को कहा गया है।
मुख्य न्यायाधीश दो नवंबर की रात रांची में विश्राम करेंगे। तीन नवंबर को भी राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में उनके शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह अपना दो दिवसीय झारखंड प्रवास पूरा कर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।