धनबाद में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विस्तृत तैयारी की है। पूजा पंडालों में डीजे बजाने पर संबंधित समिति का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। इसके साथ ही डीजे जब्त करने, समिति के पदाधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और साउंड ऑपरेटर पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
समाहरणालय के पुलिस सभागार में मंगलवार देर शाम एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, आईपीएस अंकित सिन्हा सहित डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक और थाना-ओपी प्रभारी उपस्थित थे।
सभी थाना प्रभारियों से अपने क्षेत्रों की पूजा समितियों के साथ बैठक करने और निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। प्रत्येक पंडाल का निरीक्षण भी किया जाएगा। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और अग्नि सुरक्षा के प्रबंध अनिवार्य होंगे। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाने का निर्देश भी दिया गया है।
हर पंडाल के पास सहायता केंद्र बनाने को कहा गया है। वहां पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, अस्पताल, अग्निशमन और बिजली विभाग सहित आवश्यक सेवाओं के संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं और पूजा समितियों को तुरंत सहायता मिल सके।
रात्रि गश्ती और चोरी तथा गृहभेदन की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिले के थाना क्षेत्रों को आठ जोन में बांटा गया है। इंस्पेक्टर स्तर के नोडल थाना प्रभारी रात में अपने जोन का भ्रमण कर गश्ती की निगरानी करेंगे। इन जोन को तीन सुपर जोन में रखा गया है, जिनकी निगरानी डीएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारी करेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी औचक निरीक्षण करेंगे।
यातायात व्यवस्था के तहत गलत स्थान पर वाहन खड़ा करने, नियम तोड़ने तथा ऑटो-टोटो की मनमानी के विरुद्ध अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। श्रमिक चौक की खराब सड़क और बरमसिया पुल के पास एफसीआई वाहनों के खड़े होने से पैदा होने वाली समस्या पर संबंधित विभागों से समन्वय करने को कहा गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा, नियमों के पालन या गश्ती में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मी की जवाबदेही तय होगी।