त्योहारी मौसम में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए कोलकाता और लखनऊ के आलमनगर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का परिचालन 15 अक्टूबर से शुरू होगा। यह ट्रेन धनबाद, गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड और कोडरमा समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे धनबाद और आसपास के यात्रियों को उत्तर प्रदेश की ओर जाने के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
ट्रेन संख्या 03107 कोलकाता-आलमनगर स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। इसकी सेवा 15 अक्टूबर से 26 नवंबर तक निर्धारित है। ट्रेन कोलकाता से रात 11:50 बजे रवाना होगी और अगली सुबह 5:50 बजे धनबाद पहुंचेगी। इसका आलमनगर पहुंचने का निर्धारित समय रात 7:45 बजे है।
वापसी में ट्रेन संख्या 03108 आलमनगर-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक शनिवार को परिचालित होगी। यह सेवा 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। ट्रेन आलमनगर से देर रात 1:45 बजे खुलेगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए कोलकाता पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन का ठहराव नैहाटी, बैंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू, वाराणसी, सुल्तानपुर और उतरेटिया में तय किया गया है। इस मार्ग से झारखंड के कई स्टेशनों के यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए हावड़ा और योग नगरी ऋषिकेश के बीच चलने वाली दून एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा। ट्रेन संख्या 13009 हावड़ा-योग नगरी ऋषिकेश में यह सुविधा 15 अक्टूबर से 20 नवंबर तक रहेगी।
वापसी की ट्रेन संख्या 13010 योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस में अतिरिक्त स्लीपर कोच 17 अक्टूबर से 22 नवंबर तक उपलब्ध होगा। दुर्गा पूजा से छठ तक लागू इन व्यवस्थाओं से आरक्षित श्रेणी में उपलब्ध सीटों की संख्या बढ़ेगी और धनबाद के रास्ते यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।