पलामू जिले में करीब आठ हजार शिक्षकों के लिए 27 से 29 अक्टूबर तक टीचर नीड असेसमेंट (टीएनए) का ऑनलाइन मॉक आकलन आयोजित किया जाएगा। इसमें कक्षा एक से 12वीं तक पढ़ाने वाले शिक्षक शामिल होंगे। नवंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित टीएनए राउंड-चार से पहले शिक्षकों को डिजिटल प्रक्रिया से परिचित कराने के उद्देश्य से यह अभ्यास कराया जा रहा है।
मॉक आकलन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। हर सत्र की अवधि 20 मिनट तय की गई है और शिक्षकों को 10 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। तीनों दिन दो-दो सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहला सत्र सुबह 11 बजे से 11:20 बजे तक और दूसरा दोपहर दो बजे से 2:20 बजे तक चलेगा।
समग्र शिक्षा अभियान के एपीओ मनोज मिश्रा के अनुसार, टीएनए प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के लिए सेंटा ऐप से जुड़े प्लेटफॉर्म को उन्नत किया गया है। मॉक आकलन के माध्यम से शिक्षक प्लेटफॉर्म के उपयोग और वास्तविक आकलन के दौरान अपनाई जाने वाली ऑनलाइन प्रक्रिया को समझ सकेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 27 अक्टूबर के दोनों सत्रों में कक्षा एक से पांचवीं तक के प्राथमिक शिक्षक भाग लेंगे। 28 अक्टूबर के पहले सत्र में भी प्राथमिक शिक्षक शामिल होंगे, जबकि दूसरे सत्र में प्राथमिक शिक्षकों के साथ गणित और भौतिकी विषय के माध्यमिक शिक्षक हिस्सा लेंगे।
29 अक्टूबर का पहला सत्र सभी उच्चतर माध्यमिक शिक्षकों तथा अर्थशास्त्र, भूगोल, हिंदी, इतिहास और नागरिक शास्त्र के माध्यमिक शिक्षकों के लिए निर्धारित है। उसी दिन दूसरे सत्र में सभी उच्च प्राथमिक शिक्षक और अंग्रेजी विषय के माध्यमिक शिक्षक मॉक आकलन में शामिल होंगे।
जिले में इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विषय और कक्षा के आधार पर अलग-अलग सत्र निर्धारित किए जाने से शिक्षकों को अपने तय समय पर ऑनलाइन अभ्यास में भाग लेना होगा। यह मॉक प्रक्रिया नवंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित वास्तविक टीएनए से पहले प्लेटफॉर्म और प्रश्न-उत्तर व्यवस्था का अभ्यास कराएगी।