पलामू के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में एक महिला से चार लाख रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर छीनी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली गई। घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजे तीनकोनिया गैरेज के पास हुई थी।
चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ की रहने वाली ललीता देवी अपने पति भोला साव के इलाज के लिए पंजाब एंड सिंध बैंक से चार लाख रुपये निकालकर लौट रही थीं। वह रुपये झोले में रखकर तीनकोनिया गैरेज के पास वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति पैदल वहां पहुंचा और रुपयों से भरा झोला छीनकर भाग गया।
घटना के बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ की और शहर के अलग-अलग स्थानों तथा दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इन फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।
एसडीपीओ राजेश यादव के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के कुदागाखुर्द निवासी 25 वर्षीय हैदर अंसारी के रूप में हुई है। वह उसी बैंक में इंटीरियर से जुड़ा काम करता था, जहां से महिला ने रुपये निकाले थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी बैंक आने वाले ग्राहकों पर नजर रखता था और उसने महिला को रुपये झोले में रखते हुए देख लिया था।
पुलिस के अनुसार, बैंक से निकलने के बाद आरोपी ने महिला का पीछा किया और अवसर मिलते ही झोला छीन लिया। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर चार लाख रुपये की पूरी राशि बरामद की गई। शुक्रवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में सीसीटीवी फुटेज से मिली पहचान पुलिस की जांच और गिरफ्तारी का प्रमुख आधार बनी।