रांची जिले में मंईयां सम्मान योजना की सितंबर 2026 की राशि लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में भेज दी गई है। जिला प्रशासन के अनुसार, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कुल 3,93,994 महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया गया है।
प्रत्येक लाभुक के खाते में 2,500 रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। इस किस्त के तहत कुल 98 करोड़ 49 लाख 85 हजार रुपये जारी किए गए। प्रशासन ने बताया कि आधार आधारित डीबीटी व्यवस्था से राशि सीधे संबंधित बैंक खातों में पहुंचाई गई है।
प्रखंडवार आंकड़ों में कांके के 31,483 लाभुक शामिल हैं। मांडर में 22,936, सिल्ली में 21,269, बेड़ो में 20,555, रातू में 20,329 और चान्हो में 19,336 महिलाओं को सितंबर की राशि दी गई है। नगड़ी के 18,281 तथा तमाड़ के 18,744 लाभुकों के खातों में भी भुगतान हुआ है।
अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में नामकुम के 17,942, ओरमांझी के 17,847, बुढ़मू के 17,760 और अनगड़ा के 16,681 लाभुकों को योजना की किस्त मिली है। सोनाहातू में 13,084, लापुंग में 11,819, इटकी में 10,136, खलारी में 9,590 और राहे में 9,527 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई।
शहरी क्षेत्रों में टाउन अर्बन क्षेत्र के 25,893 लाभुकों को भुगतान किया गया। हेहल में 16,285, अरगोड़ा में 13,347, बड़गाईं में 10,042, नामकुम में 9,493 और नगड़ी में 8,210 महिलाओं को राशि मिली। बुंडू नगर पंचायत के 3,558 और कांके शहरी क्षेत्र के 1,281 लाभुक भी भुगतान सूची में शामिल हैं।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रशासन के मुताबिक, दुर्गा पूजा से पहले सितंबर की किस्त मिलने से लाभुक महिलाओं और उनके परिवारों को त्योहार के दौरान आर्थिक सहायता मिलेगी।