रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर जन्माष्टमी महोत्सव, आज होगी दही हांडी प्रतियोगिता

दो दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव के पहले दिन 150 से अधिक बच्चों ने झांकी और बाल गोपाल प्रतियोगिता में भाग लिया। शनिवार को राज्यपाल संतोष गंगवार दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे।

2 मिनट पढ़ें 3 बार पढ़ी गई
रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का दृश्य

रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव शुरू हो गया है। पहले दिन श्रीकृष्ण की झांकी और बाल गोपाल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें दो से 12 वर्ष तक के 150 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। आयोजन स्थल को वंदे मातरम की थीम पर सजाया गया है।

महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सीपी सिंह, अजय मारू, मेयर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार और आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने किया। जन्मोत्सव के अवसर पर समिति की ओर से मोटे अनाज का भोग भी लगाया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 40 से अधिक कलाकार शामिल हुए। उन्होंने कृष्ण जन्मोत्सव, राधा-कृष्ण की लीलाओं, महारास, फूलों की होली और शंकर-पार्वती के तांडव नृत्य पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। मथुरा, वृंदावन और कोलकाता से पहुंचे कलाकारों ने रासलीला, नृत्य-नाटिका और भारत माता से जुड़े कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

बाल गोपाल प्रतियोगिता को बच्चों की उम्र के आधार पर दो समूहों में बांटा गया था। छह वर्ष से अधिक उम्र के वर्ग में अदिति ने पहला और अभिराज ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। एक से पांच वर्ष तक के बच्चों के वर्ग में गर्व कुमार प्रथम तथा टीटू कुमार द्वितीय रहे।

महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को दोपहर तीन बजे नमो दही हांडी प्रतियोगिता प्रस्तावित है। आयोजकों के अनुसार राज्यपाल संतोष गंगवार इसका उद्घाटन करेंगे। प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम उम्र के प्रतिभागियों को शामिल होने की अनुमति नहीं होगी।

पुरुष वर्ग के विजेता दल को 71 हजार रुपये और उपविजेता को 41 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 51 हजार और द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपये रखा गया है। आयोजन समिति के अनुसार रांची में नमो दही हांडी का यह 16वां वर्ष है।