रांची के कई इलाकों में गुरुवार, 8 अक्टूबर को बिजली आपूर्ति अलग-अलग समय पर बाधित रहेगी। जेबीवीएनएल की जानकारी के अनुसार, आरडीएसएस योजना के तहत एलटी लाइन को एबी केबल में बदलने, फीडरों के रखरखाव और पेड़ों की शाखाओं की छंटाई के लिए यह शटडाउन लिया जाएगा। प्रभावित क्षेत्रों में काम के अनुसार दो से छह घंटे तक बिजली बंद रहने का कार्यक्रम है।
सुजाता फीडर से जुड़े टोकनो कम्पाउंड और पंजाब स्वीट्स के आसपास सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आपूर्ति प्रभावित होगी। इसी अवधि में चुटिया के कृष्णापुरी रोड नंबर 14, महादेव मंडा और लोअर चुटिया में केबल बदलने का काम होगा। महादेव मंडा, नामकुम बाजार और कोकर फीडर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगे।
इन फीडरों के शटडाउन से बेल बगान, नया टोली, समलोंग, हाई टेंशन कॉलोनी, आंबेडकर नगर, महुवा टोली, मिशन कॉलोनी, आदर्श नगर, खोरहा टोली, डॉन बोस्को और तपोवन गली समेत कई मोहल्ले प्रभावित होंगे। ईशा नगर और मौलाना आजाद कॉलोनी में भी सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आपूर्ति बाधित रहने की सूचना है।
मोरहाबादी की बैंक कॉलोनी मस्जिद गली में 500 केवीए ट्रांसफॉर्मर सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बंद रहेगा। इससे बरियातू फीडर क्षेत्र के मैथन मैरिज गार्डन और आसपास बिजली नहीं रहेगी। हरमू क्षेत्र में रखरखाव के कारण दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक हरमू, हिंदपीढ़ी, किशोरगंज, विद्यानगर, पुरानी रांची और लेक रोड सहित कई इलाकों की आपूर्ति रुकेगी।
टाटीसिल्वे क्षेत्र के पलांडू फीडर पर सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक काम होगा। महिलोंग फीडर सुबह 10:30 बजे से दोपहर दो बजे, रामपुर और लाली फीडर सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगे। जेएसी फीडर का शटडाउन दोपहर 3:15 बजे से शाम छह बजे तक निर्धारित है। इससे सिदरौल, टांगर टोली, दुर्गा कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र प्रभावित होंगे।
कोकर रूरल उपकेंद्र के अयोध्यापुरी और रानी बगान फीडर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगे। इसका असर अयोध्यापुरी, महावीर नगर, सरना टोली, न्यू नगर, ढेला टोली, जेवियर नगर, तिरिल बस्ती और जय नगर जैसे क्षेत्रों पर पड़ेगा। दुर्गापूजा से पहले रखरखाव और डालियों की छंटाई के लिए अपर बाजार फीडर भी सुबह नौ से 11 बजे तक बंद रखने का कार्यक्रम है।