झारखंड में अगले चार दिनों तक बारिश और गरज-वज्रपात की स्थिति बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक धनबाद और बोकारो में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी आशंका जताई गई है।
धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार शाम तेज बारिश दर्ज की गई। आठ अक्टूबर को राज्य में हल्की से मध्यम बारिश या गर्जन जारी रहने का पूर्वानुमान है। कहीं-कहीं तेज हवा और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
नौ और दस अक्टूबर को आंशिक बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गर्जन होने की संभावना बताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 अक्टूबर से मौसम साफ होने की उम्मीद है। इसके बाद बारिश से राहत मिल सकती है।
बारिश और तेज हवाओं का असर तापमान पर भी पड़ने का अनुमान है। अगले तीन दिनों में तापमान तीन से चार डिग्री तक गिर सकता है। 11 अक्टूबर के बाद राज्य में हल्की ठंड जैसा वातावरण बनने और लोगों को सर्दी का शुरुआती अहसास होने की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटे में राज्य के अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। धनबाद के तोपचांची में सबसे अधिक 113.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। नवाडीह में 108.4 मिलीमीटर और बाघमारा में 103 मिलीमीटर वर्षा हुई।
अन्य स्थानों में तिलैया में 55.4 मिलीमीटर, तिलैया डीवीसी में 52.4 मिलीमीटर, नंदाडीह में 44.4 मिलीमीटर और पंचेत डीवीसी में 44 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कांके में ओलावृष्टि की सूचना है। कोनर डीवीसी, निमडीह और जमशेदपुर एयरो में भी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।