रांची से लंबी दूरी की सड़क यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बेंगलुरु की नई सीधी बस सेवा शुरू की गई है। यह बस राजधानी के खादगढ़ा स्थित बिरसा मुंडा अंतरराज्यीय बस टर्मिनल से शाम 6:30 बजे रवाना होती है। संचालक के एजेंट के मुताबिक, फिलहाल रांची से बेंगलुरु की यात्रा पूरी होने में करीब 41 घंटे लग रहे हैं।
बस रायपुर, नागपुर, आदिलाबाद, महबूबनगर और हैदराबाद के रास्ते बेंगलुरु पहुंचती है। यात्रा के दौरान छह ठहराव निर्धारित किए गए हैं, जहां यात्री वाशरूम का उपयोग करने तथा नाश्ता या भोजन लेने के लिए रुक सकेंगे। इन ठहरावों पर खाने-पीने का खर्च यात्रियों को स्वयं देना होगा।
बेंगलुरु में यात्रियों के लिए हेब्बाल, नागपाड़ा, टिन फैक्ट्री और महदेपुरा उतरने के स्थान बताए गए हैं। इस मार्ग का किराया तय नहीं है और बुकिंग की स्थिति के अनुसार बदल सकता है। उपलब्ध विवरण के अनुसार, एक यात्रा के लिए करीब 2,500 रुपये से 7,500 रुपये तक खर्च हो सकते हैं।
रांची से दिल्ली के लिए भी बस सेवाएं संचालित हो रही हैं। फिलहाल इन बसों की रवानगी बूटी मोड़ से होती है, जबकि कुछ दिनों में बिरसा मुंडा बस टर्मिनल से यात्रियों की बोर्डिंग शुरू होने की बात कही गई है। दिल्ली तक का करीब 1,231 किलोमीटर लंबा सफर लगभग 22 से 26 घंटे में पूरा होने का अनुमान है।
दिल्ली मार्ग पर किराया भी मांग और बुकिंग के समय उपलब्ध सीटों के आधार पर बदलता है। इसकी सीमा 1,050 रुपये से 7,000 रुपये तक बताई गई है। दिल्ली पहुंचने पर आईएसबीटी कश्मीरी गेट, आनंद विहार और कौशांबी में यात्रियों के उतरने की व्यवस्था उपलब्ध है।
इन वातानुकूलित बसों में बैठने वाली सीटों के साथ स्लीपर बर्थ भी हैं। उपलब्ध सुविधाओं में चार्जिंग प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरे, वाई-फाई, जीपीएस और बायो-टॉयलेट शामिल हैं। एक बस में 44 से 46 यात्री सफर कर सकते हैं। अकेली महिला यात्री के लिए बुकिंग के दौरान दूसरी महिला के पास सीट देने की सुविधा भी बताई गई है।