रामगढ़ समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के अलग-अलग प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए 40 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ऋतुराज ने आवेदकों से क्रमवार मुलाकात की और उनकी शिकायतों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा और पेंशन, पीड़ित मुआवजा योजना, होमगार्ड बहाली तथा जाति प्रमाणपत्र से जुड़े आवेदन पहुंचे। इसके अलावा अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, मुआवजा, पेयजल, रोजगार, विद्यालय स्थानांतरण और नाली निर्माण जैसे विषय भी प्रशासन के सामने रखे गए।
कोठार निवासी सरिता देवी ने पीड़ित मुआवजा योजना की राशि नहीं मिलने की समस्या बताई। लाडली कुमारी ने होमगार्ड बहाली के आवेदन में सुधार कराने का अनुरोध किया। फैयाज अहमद ने जाति प्रमाणपत्र जारी करने और अजीबुल्लाह ने वृद्धावस्था पेंशन की राशि बैंक खाते में नहीं आने से संबंधित शिकायत दर्ज कराई।
उपायुक्त ने अधिकारियों से सभी आवेदनों की निष्पक्ष और गंभीर जांच करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायतों का निपटारा निर्धारित समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि नागरिकों को समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्रशासन के अनुसार जनता दरबार में प्राप्त मामलों के निष्पादन की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसका उद्देश्य पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना तथा लंबित जनसमस्याओं पर समय से कार्रवाई सुनिश्चित करना है। अलग-अलग विभागों से जुड़े इन आवेदनों पर अब संबंधित अधिकारियों की जांच और आगे की कार्रवाई अपेक्षित है।