मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नेमरा पहुंच गया है। गांव स्थित घर पर परिजन और अन्य लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसके बाद अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और नेमरा के घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इससे पहले उनका पार्थिव शरीर रांची के मोरहाबादी स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। वहां परिवार के सदस्यों के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं, समर्थकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी मोरहाबादी आवास पहुंचकर रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की तथा शोक संतप्त परिवार के लिए धैर्य और संबल की कामना की।
श्रद्धांजलि देने वालों में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री चमरा लिंडा और दीपिका पांडेय सिंह, सांसद विजय हांसदा और ढुल्लू महतो शामिल रहे। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा व चम्पाई सोरेन, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता और विधायक अनूप सिंह ने भी अंतिम दर्शन किए।
रूपी सोरेन के छोटे बेटे और दुमका विधायक बसंत सोरेन के पहुंचने के संबंध में आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य के मुताबिक, बसंत सोरेन अभी सिंगापुर में इलाज करा रहे हैं और उनके रांची आने को लेकर जानकारी उपलब्ध नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूपी सोरेन के निधन पर शोक जताते हुए हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी निधन पर दुख प्रकट करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।