लातेहार के पॉलिटेक्निक कॉलेज, कुरा में शनिवार को उद्यमिता, नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तेजस की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त संदीप कुमार और अन्य अतिथियों ने किया।
तेजस का पूरा नाम ट्रांसफॉर्मिंग एंटरप्रेन्योरियल जर्नीज अक्रॉस स्टेट्स एंड डिस्ट्रिक्ट्स है। कार्यशाला का आयोजन उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग, स्टार्टअप इंडिया, झारखंड सरकार और जीडको के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त ने युवाओं को नौकरी खोजने तक सीमित न रहकर रोजगार के अवसर तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं के नए विचारों और नवाचार को प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन तथा जरूरी संसाधनों की मदद से व्यावहारिक व्यवसाय में बदलने पर जोर दिया।
कार्यशाला के दौरान स्थानीय संसाधनों और क्षेत्र की जरूरतों पर आधारित उद्यम शुरू करने की संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया। युवाओं को बताया गया कि ऐसे व्यवसाय स्वयं उनके लिए आजीविका का माध्यम बनने के साथ दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।
प्रतिभागियों को स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया और व्यावसायिक विचार विकसित करने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही वित्तीय सहायता, मेंटरशिप, इन्क्यूबेशन, बाजार से जुड़ाव और उद्यमिता से संबंधित सरकारी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।
पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों ने कार्यशाला में अपने नवाचार और व्यावसायिक विचार प्रस्तुत किए। जिला स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम का केंद्र युवाओं के विचारों को उद्यम में बदलने के लिए उपलब्ध सहायता और प्रक्रियाओं से उनका परिचय कराना रहा।