लोहरदगा में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, भ्रामक लेबलिंग वाले उत्पाद हटाने के निर्देश

लोहरदगा शहरी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा टीम ने दुकानों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया। भ्रामक दावों वाले उत्पाद हटाए गए, जबकि खराब मिठाई और रंगयुक्त चाशनी नष्ट कर दो प्रतिष्ठानों पर अर्थदंड लगाया गया।

2 मिनट पढ़ें 2 बार पढ़ी गई
झारखंड24 का पूर्ण लोगो—प्रकाशक की लोगो-मात्र छवि के स्थान पर

लोहरदगा शहरी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा टीम ने बुधवार को कई प्रतिष्ठानों, थोक कारोबारियों और वितरकों के यहां औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के निर्देश पर मिलावटी, अवमानक, गलत लेबलिंग और भ्रामक दावों वाले खाद्य उत्पादों की जांच के लिए की गई। टीम ने दुकानों तथा गोदामों में रखी खाद्य सामग्री के साथ संबंधित दस्तावेज भी देखे।

जांच के दायरे में रिलायंस स्टोर, वी-मार्ट, मिशन चौक स्थित अग्रवाल नेटवर्क, विवेक स्टोर और अग्रवाल ट्रेडर्स सहित कई प्रतिष्ठान आए। छतर बगीचा स्थित न्यू बदला इंटरप्राइजेज तथा अमृत एजेंसी के गोदामों में भी खाद्य पदार्थों और अभिलेखों की जांच की गई।

निरीक्षण में गड़बड़ी सामने आने के बाद रिलायंस रिटेल ने भ्रामक दावे वाले करीब एक दर्जन उत्पाद स्टोर से हटा दिए। ऐसे खाद्य उत्पादों की सूची ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी हटाई गई। न्यू बदला इंटरप्राइजेज और अशोक जनरल स्टोर में स्टिंग एनर्जी ड्रिंक, जबकि अग्रवाल नेटवर्क के गोदाम में कैम्पा एनर्जी गोल्ड बूस्ट ड्रिंक का भंडारण मिला। संबंधित प्रतिष्ठानों को भ्रामक लेबलिंग वाले उत्पाद हटाकर निर्माता कंपनी को वापस करने का निर्देश दिया गया।

टीम ने राणा चौक के एक ठेला होटल में फफूंद लगे रसगुल्ले मिलने पर मिठाई को मौके पर नष्ट कराया और एक हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। थाना चौक स्थित बाबा फास्ट फूड में खराब गुणवत्ता वाली रोल बेस के इस्तेमाल पर पांच सौ रुपये का अर्थदंड लगाया गया। दोनों प्रतिष्ठानों को सफाई, गुणवत्ता और रखरखाव सुधारने का निर्देश भी मिला।

बगडू मोड़ स्थित राजस्थान जलेबी सेंटर में जलेबी बनाने के दौरान प्रतिबंधित अखाद्य रंग के इस्तेमाल की बात सामने आई। टीम ने रंगयुक्त चाशनी को मौके पर नष्ट कराया। अधिकारियों ने अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच कर चिह्नित उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए कारोबारियों से गुणवत्तापूर्ण कच्चा माल इस्तेमाल करने को कहा। मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों को निर्धारित स्वच्छता तथा सुरक्षित भंडारण मानकों के अनुरूप रखने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर, विश्वनाथ गगराई और सहायक कर्मी रजनीश कुमार शामिल थे।