साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड पर महाराजपुर और सकरीगली के बीच रेलवे लाइन के किनारे कटाव रोकने का काम गुरुवार, 1 अक्टूबर को भी जारी रहा। रेल परिचालन सामान्य नहीं होने के कारण साहिबगंज से गुजरने वाली कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट या सीमित दूरी से चलाने की व्यवस्था की गई है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, करीब 300 मीटर के हिस्से में कटाव की स्थिति है। इनमें 160 मीटर का हिस्सा अधिक गंभीर बताया गया है, जहां कटाव और रेललाइन के बीच की दूरी लगभग 13 मीटर रह गई है। इसी हिस्से को सुरक्षित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्थिति से निपटने के लिए रेलवे ने राज्य सरकार से भी सहयोग मांगा है।
कटावरोधी कार्य में करीब 150 वैगन बोल्डर की आवश्यकता का अनुमान लगाया गया है। बुधवार शाम तक लगभग 100 वैगन बोल्डर प्रभावित स्थान पर डाले जा चुके थे। मंगलवार से चल रहा काम गुरुवार को भी पूरा नहीं हो सका। शुक्रवार से डाउन लाइन पर यातायात सुचारू होने की संभावना जताई गई है।
रेल प्रशासन की जानकारी के मुताबिक, कटाव के कारण अब तक छह मेल-एक्सप्रेस और 39 पैसेंजर ट्रेनें रद्द की जा चुकी हैं। इसके अलावा 21 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। कुछ ट्रेनों को दूसरे स्टेशनों से चलाया गया है, जबकि कुछ का आंशिक समापन किया गया है।
एक अक्टूबर को साहिबगंज-मालदा टाउन मेमू, मालदा टाउन-किऊल एक्सप्रेस, हावड़ा-साहिबगंज इंटरसिटी, साहिबगंज-भागलपुर मेमू और साहिबगंज-हावड़ा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें रद्द रखी गई हैं। तीनपहाड़-राजमहल, राजमहल-तीनपहाड़, साहिबगंज-बरहड़वा और साहिबगंज-रामपुरहाट के बीच चलने वाली कई पैसेंजर तथा मेमू सेवाएं भी प्रभावित हैं।
आनंद विहार-अगरतला तेजस राजधानी और दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार मार्ग से चलाने की व्यवस्था की गई है। भागलपुर-रांची वनांचल और जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट होकर चलेंगी। गया-हावड़ा एक्सप्रेस तथा नटेसर-हावड़ा स्पेशल को किऊल-झाझा-आसनसोल मार्ग से भेजा जाएगा। रामपुरहाट-गया पैसेंजर साहिबगंज और भागलपुर-अजीमगंज पैसेंजर बरहड़वा से अपनी यात्रा शुरू करेगी।