सिमडेगा में विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने योजनाओं की समीक्षा की, अधूरे काम समय पर पूरा करने के निर्देश

हेमलाल मुर्मू की अध्यक्षता वाली विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने सिमडेगा में सड़क, खेल, स्वास्थ्य, कृषि और निर्माण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

2 मिनट पढ़ें 6 बार पढ़ी गई
सिमडेगा में योजनाओं की समीक्षा बैठक में उपस्थित प्राक्कलन समिति के सदस्य और अधिकारी

सिमडेगा में झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों और खर्च की स्थिति की समीक्षा की। परिसदन भवन में सभापति हेमलाल मुर्मू की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्य नागेंद्र महतो और सोमेश चंद्र सोरेन भी शामिल रहे। समिति ने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं में आ रही बाधाओं की जानकारी लेते हुए अधूरे काम निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया।

पथ निर्माण विभाग की समीक्षा में बीरू-तामड़ा-रामरेखा सड़क चौड़ीकरण में देरी का विषय उठा। अधिकारियों ने भूमि अधिग्रहण और वन स्वीकृति मिलने में विलंब को काम प्रभावित होने का कारण बताया। बैठक में जानकारी दी गई कि वन स्वीकृति मिल चुकी है और संवेदक ने शेष कार्य एक महीने में पूरा करने का आश्वासन दिया है।

समिति ने सिमडेगा को खेल, खासकर हॉकी के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। सदस्यों ने जिले में चल रहे चार आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्रों और डे-बोर्डिंग सेंटर की स्थिति जानी। सभापति ने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ उनकी पढ़ाई पर भी पर्याप्त ध्यान रखने को कहा।

स्वास्थ्य विभाग से जिले में चिकित्सकों की कमी और 108 एंबुलेंस सेवा की स्थिति पर जानकारी ली गई। समिति ने सदर अस्पताल में पिछले तीन वर्षों के दौरान खरीदे गए चिकित्सा उपकरणों और मशीनों का विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कृषि विभाग की समीक्षा में मड़ुआ की खेती का दायरा बढ़ाने और आधुनिक प्रसंस्करण केंद्र स्थापित करने पर बल दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि में मड़ुआ की खेती के लिए किसानों ने निबंधन कराया है।

बैठक के दौरान मंडल कारा के महिला वार्ड, सिंथेटिक फुटबॉल स्टेडियम, रामरेखा जलाशय की नहर के पक्कीकरण, भवन निर्माण और खाद्य आपूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा हुई। समिति ने विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।

समीक्षा के बाद समिति के सदस्यों ने एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय सिंथेटिक फुटबॉल स्टेडियम का निरीक्षण किया। खिलाड़ियों से सुविधाओं के संबंध में बातचीत की गई। समिति ने निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियम में गुणवत्ता बनाए रखने और काम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।