हजारीबाग के संत कोलंबस फुटबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय सोहराय महोत्सव गुरुवार को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नागपुरी और खोरठा गीतों के साथ गायन, नृत्य तथा फैशन शो का आयोजन किया गया। देर रात तक चले कार्यक्रम में दर्शकों ने अलग-अलग प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम और सोहराय महोत्सव आयोजन समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड की लोकसंस्कृति, कला और परंपरा को प्रमुखता दी गई। नागपुरी गायक इग्नेश कुमार और नितेश कच्छप ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। गायिका आरती देवी और ललिता देवी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
एकल गायन में भीम आर्या, आरती कुमारी, किरण देवी, नूतन, सृष्टि चंद्रवंशी, रीना लिंडा, लक्ष्मी कुमारी, काव्या राज और प्रतिमा यादव ने प्रस्तुति दी। समूह गायन में रेनबो म्यूजिकल ग्रुप और एमडी ग्रुप ऑफ थिएटर ने भाग लिया। आयोजन में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच मिला।
नृत्य प्रतियोगिताओं में लायन पॉप, निवृत्ति गुप्ता, किंगडम ऑफ डांस, बीडीएस डांस ग्रुप और आशी डांस अकादमी ने प्रस्तुतियां दीं। समूह नृत्य में किंगडम ऑफ डांस को प्रथम, बीडीएस डांस ग्रुप को द्वितीय और आशी डांस अकादमी को तृतीय स्थान मिला। एकल नृत्य में लायन पॉप और निवृत्ति गुप्ता सम्मानित किए गए।
एकल गायन में भीम आर्या, प्रतिमा यादव और काव्या राज को सम्मान मिला। समूह गायन में रेनबो म्यूजिकल ग्रुप और एमडी ग्रुप ऑफ थिएटर को पुरस्कार दिया गया। फैशन शो के मिस्टर वर्ग में प्रतिभागी संख्या 12 और मिस वर्ग में प्रतिभागी संख्या एक को विजेता घोषित किया गया।
महोत्सव परिसर में झारखंडी लोककला, पारंपरिक वेशभूषा, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया गया। आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना और झारखंड की लोकसंस्कृति को बढ़ावा देना था। आयोजन में समिति, एनएसएस टीम और शहर के युवाओं ने सहयोग किया।