इन्सपायर अवार्ड मानक योजना की 12वीं राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में झारखंड के 30 छात्र-छात्राएं अपने नवाचार पेश करेंगे। नई दिल्ली में 12 से 14 अक्टूबर तक होने वाले आयोजन के लिए चयनित विद्यार्थी अपने प्रोजेक्ट और मॉडल के साथ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन विद्यार्थियों का चयन वर्ष 2023-24 और 2024-25 में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आधार पर हुआ है।
विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य सदस्यों को मिलाकर झारखंड का 36 सदस्यीय दल बनाया गया है। यह दल 10 अक्टूबर को रांची रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए रवाना होगा। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद वापसी यात्रा 15 अक्टूबर की रात शुरू होगी और दल के 16 अक्टूबर को रांची पहुंचने की संभावना है।
राज्य नोडल कार्यालय, इन्सपायर अवार्ड्स मानक की ओर से संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारियों को यात्रा और भागीदारी से जुड़े निर्देश भेजे गए हैं। जिलों को चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर रांची रेलवे स्टेशन पहुंचाने तथा वापसी पर उन्हें प्राप्त करने के लिए शिक्षक अधिकृत करने को कहा गया है। प्रतिभागियों को 10 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे तक स्टेशन के प्रतीक्षालय में रिपोर्ट करना होगा।
राज्य दल में बोकारो, चतरा, धनबाद, गढ़वा, गिरिडीह, गुमला, हजारीबाग, लोहरदगा, पलामू, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, रांची, सिमडेगा, दुमका, जामताड़ा और साहिबगंज के विद्यार्थी शामिल हैं। इस तरह राष्ट्रीय मंच पर झारखंड के 16 जिलों की भागीदारी होगी।
हजारीबाग से मॉडल विद्यालय, चौपारण के जॉनसन कुमार और कार्मेल स्कूल, हजारीबाग की श्रीति सुमन का चयन हुआ है। दोनों अपने-अपने मॉडल के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। जिले से इन विद्यार्थियों को रांची तक पहुंचाने और वापसी में लेने की व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया गया है।
चयनित विद्यार्थियों से मॉडल की पैकिंग सावधानी से करने को कहा गया है, ताकि उसे ट्रेन की आरक्षित सीट के भीतर सुरक्षित रखा जा सके। प्रतिभागियों को फोटोयुक्त परिचय पत्र, आधार कार्ड, स्कूल यूनिफॉर्म और प्रोजेक्ट राइटअप साथ रखना होगा। मोबाइल या लैपटॉप, तीन पासपोर्ट आकार की तस्वीरें तथा जरूरी स्टेशनरी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे प्रस्तुति के समय आवश्यक सामग्री उपलब्ध रहे।