चाईबासा स्थित कोल्हान विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों के नए सत्र में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल 24 अक्टूबर से खुल गया है। चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के सत्र 2026-30 और स्नातक वोकेशनल कार्यक्रम के सत्र 2026-29 में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 28 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के डीन, अकादमिक अफेयर्स डॉ. संजय यादव की ओर से जारी सूचना के अनुसार, आवेदन के बाद मेधा सूची से जुड़ी प्रक्रिया 29 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच संबंधित महाविद्यालयों की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर होगी। चयनित विद्यार्थियों का नामांकन भी इसी अवधि में लिया जाएगा।
आवेदन शुल्क प्रति विषय 25 रुपये निर्धारित किया गया है। इंटरमीडिएट उत्तीर्ण सभी विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं और इसके लिए सीयूईटी में शामिल होना अनिवार्य नहीं है। अभ्यर्थियों को एक से अधिक महाविद्यालय और विषय चुनने की सुविधा दी गई है, लेकिन प्रवेश विषयवार निर्धारित सीटों और उनकी उपलब्धता के आधार पर होगा।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को महाविद्यालय तथा विषय का चयन सावधानी से करने की सलाह दी है। पसंदीदा विषय के साथ वैकल्पिक विषय में भी आवेदन करने को कहा गया है, ताकि किसी एक विषय में सीट उपलब्ध नहीं रहने पर प्रवेश का दूसरा विकल्प बना रहे। एनईपी-2020 के तहत विद्यार्थी अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप विषय चुन सकेंगे।
इस सत्र में बॉटनी और जूलॉजी के स्थान पर लाइफ साइंस विषय उपलब्ध कराया गया है। इसलिए इन दोनों विषयों में पढ़ाई के इच्छुक विद्यार्थियों को पोर्टल पर लाइफ साइंस चुनना होगा। आवेदन या पंजीकरण के समय अपार आईडी और एबीसी आईडी नंबर देना भी आवश्यक है। जिनके पास ये आईडी नहीं हैं, उन्हें डिजिलॉकर के माध्यम से तैयार कराने की सलाह दी गई है।
कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने विद्यार्थियों से समय सीमा के भीतर सही और पूरी जानकारी के साथ आवेदन करने की अपील की है। आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाणपत्रों समेत सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने को कहा गया है। महाविद्यालयों को राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा तय विषयवार सीटों और नामांकन निर्देशों का पालन करना होगा।