खूंटी समाहरणालय भवन में मंगलवार को स्वैच्छिक रक्तदान और निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। सदर अस्पताल की ओर से लगाए गए रक्तदान शिविर में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन समेत 19 लोगों ने रक्तदान किया। वहीं, नेत्र जांच शिविर में समाहरणालय के 100 से अधिक कर्मचारियों की आंखों की जांच की गई।
उपायुक्त ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया और स्वयं रक्तदान कर अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम लोगों को इस अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में स्वैच्छिक रक्तदान की भूमिका पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और स्वस्थ लोगों को नियमित अंतराल पर इसके लिए आगे आने का संदेश दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई।
इसी परिसर में सेंटर फॉर साइट के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच की व्यवस्था की गई थी। विशेषज्ञों और चिकित्सकीय टीम ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की आंखों की जांच की। शिविर में समय-समय पर नेत्र परीक्षण कराने और आंखों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता भी बताई गई।
रक्तदान करने वाले लोगों को कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समाहरणालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिविर में भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ रक्तदान और नेत्र देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर में सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव, ब्लड बैंक के काउंसलर निशांत झा, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और सहयोगी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।